टीएमसी उम्मीदवार के चुनाव प्रचार अभियान में विदेशी शामिल हुए, निर्वाचन आयोग कार्रवाई करे: भाजपा
टीएमसी उम्मीदवार के चुनाव प्रचार अभियान में विदेशी शामिल हुए, निर्वाचन आयोग कार्रवाई करे: भाजपा
कोलकाता, 13 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को निर्वाचन आयोग से अपील की कि वह राणाघाट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की उम्मीदवार अदिति मुंशी को आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाग लेने से रोके, क्योंकि उनकी रैलियों में विदेशी नागरिकों ने भाग लिया है।
आयोग को दी गई शिकायत में भाजपा ने दावा किया कि “नाइजीरियाई नागरिकों को राजरहाट-गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र की रैलियों और जनसभाओं में भाग लेते हुए देखा गया।”
शिकायत में कहा गया है कि वे टीएमसी के झंडे लहरा रहे थे और उम्मीदवार के समर्थन में नारे लगा रहे थे।
भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय और पार्टी के नेता शिशिर बजोरिया ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में यह शिकायत दी।
तृणमूल कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई।
भाजपा ने शिकायत के साथ एक वीडियो भी पेश किया है, जिसमें विदेशी नागरिकों को कथित रूप से चुनाव प्रचार गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए देखा गया।
‘पीटीआई-भाषा’ वीडियो की प्रमाणिकता को स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं कर सकता।
शिकायत में भाजपा ने संविधान, विदेशी नागरिक अधिनियम और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धाराओं का हवाला देते हुए तर्क दिया कि केवल भारतीय नागरिक चुनावी प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं और विदेशी नागरिकों को इसमें भाग लेने की अनुमति नहीं है।
भाजपा ने निर्वाचन आयोग से ‘भ्रष्ट आचरण’ के लिए मुंशी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और उन्हें प्रचार से रोकने की अपील की।
हालांकि, राजरहाट-गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के एक स्थानीय टीएमसी नेता ने कहा कि वीडियो में जिन नाइजीरियाई नागरिकों को देखा गया, वे एक स्थानीय फुटबॉल क्लब से जुड़े खिलाड़ी थे और शायद “अनजाने में रैली में शामिल हो गए थे।”
टीएमसी नेता ने कहा कि उन्होंने अभियान में किसी संगठित भागीदारी से इनकार किया।
इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में बांग्लादेशी अभिनेता फिरदौस अहमद पर कार्रवाई की गई थी, जिन्होंने एक व्यापार वीजा पर भारत आने के बाद उत्तर बंगाल में चुनाव प्रचार में भाग लिया था।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप

Facebook


