तेलंगाना में बिजली के तारों के जाल के संपर्क में आने से वन अधिकारी की मौत

तेलंगाना में बिजली के तारों के जाल के संपर्क में आने से वन अधिकारी की मौत

तेलंगाना में बिजली के तारों के जाल के संपर्क में आने से वन अधिकारी की मौत
Modified Date: August 12, 2026 / 04:52 pm IST
Published Date: August 12, 2026 4:52 pm IST

हैदराबाद, 12 अगस्त (भाषा) तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले के एक वन क्षेत्र में शिकारियों द्वारा जंगली जानवरों को मारने के लिए बिछाए गए बिजली के तारों के जाल के संपर्क में आने से एक वन बीट अधिकारी की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार देर रात हुई। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत गैर-इरादतन हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

तेलंगाना की वन मंत्री कोंडा सुरेखा ने वन बीट अधिकारी नवीन नायक की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए वन और पुलिस अधिकारियों को मामले की गहन जांच करने तथा दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने का निर्देश दिया है।

एक अधिकारी ने बताया कि नवीन खम्मम जिले के कारेपल्ली मंडल के रहने वाले थे।

उन्होंने कहा, ‘इलाके में काफी अंधेरा था और बीट अधिकारी गलती से बिजली के जाल के संपर्क में आ गए, जिससे उन्हें करंट लग गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’

पुलिस ने बताया कि बिजली का यह जाल शिकारियों द्वारा जंगली जानवरों को मारने के लिए बिछाया गया था।

इस बीच, वन मंत्री सुरेखा ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है और वन अधिकारियों को कार्य समय के दौरान तैनात वन कर्मियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता उपाय करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने ड्यूटी के दौरान नवीन की मौत को बेहद ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया है।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, वन मंत्री ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) विनय कुमार को मृतक के परिजनों को अनुग्रह राशि देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी प्रदान करने का निर्देश दिया है।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश


लेखक के बारे में