गुजरात के पूर्व मंत्री एवं आठ बार के विधायक योगेश पटेल का निधन
गुजरात के पूर्व मंत्री एवं आठ बार के विधायक योगेश पटेल का निधन
वडोदरा, दो जून (भाषा) गुजरात के पूर्व मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आठ बार के विधायक योगेश पटेल का मंगलवार को वडोदरा में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। यह जानकारी पार्टी नेताओं ने दी।
पटले 79 वर्ष के थे।
भाजपा नेताओं ने बताया कि वडोदरा शहर की मंजलपुर सीट से मौजूदा विधायक पटेल काफी समय से अस्वस्थ थे और उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण पिछले दो दिनों से स्थानीय अस्पताल में उनका इलाज जारी था।
भाजपा के वरिष्ठ नेता पटेल ने 36 वर्षों तक विधायक के रूप में कार्य किया और 1990 से लगातार आठ बार गुजरात विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए। वे वडोदरा शहर की रावपुरा विधानसभा सीट से पांच बार निर्वाचित हुए, इसके बाद परिसीमन के बाद वह मंजलपुर सीट से चुनाव लड़ने लगे।
पटेल 1990, 1995, 1998, 2002 और 2007 में रावपुरा से निर्वाचित हुए। बाद में उन्होंने 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में मंजलपुर सीट से बड़े अंतर से जीत हासिल की।
वरिष्ठ विधायक तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के नेतृत्व वाली सरकार में पटेल ने नर्मदा और शहरी आवास राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य किया।
गुजरात भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि जनसेवा और पार्टी के लिए उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने एक बयान में कहा, “भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मंजलपुर से विधायक योगेश पटेल के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। दशकों तक जनसेवा और संगठन में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।”
भाषा अमित मनीषा
मनीषा

Facebook


