परीक्षा में ‘अनियमितताओं’ के मामले में सीआईडी ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष से सात घंटे तक पूछताछ की

परीक्षा में ‘अनियमितताओं’ के मामले में सीआईडी ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष से सात घंटे तक पूछताछ की

परीक्षा में ‘अनियमितताओं’ के मामले में सीआईडी ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष से सात घंटे तक पूछताछ की
Modified Date: August 3, 2026 / 10:12 pm IST
Published Date: August 3, 2026 10:12 pm IST

रांची, तीन अगस्त (भाषा) झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से सीआईडी अधिकारियों ने जेपीएससी द्वारा आयोजित परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में सोमवार को लगभग सात घंटे तक पूछताछ की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पूछताछ का यह चौथा दौर था, जिसका सामना जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष को करना पड़ा।

अधिकारी ने बताया कि वह पूर्वाह्न लगभग 11 बजे एजेंसी के कार्यालय पहुंचे।

अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने इससे पहले 28 जुलाई को खियांग्ते से नौ घंटे तथा 29 और 31 जुलाई को आठ-आठ घंटे पूछताछ की थी।

खियांग्ते ने राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के सिलसिले में सीआईडी द्वारा उनके सरकारी आवास समेत कई जगहों पर तलाशी लेने से एक दिन पहले, 22 जुलाई को जेपीएससी अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था।

खियांग्ते ने 27 जुलाई को कहा कि उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए ‘‘अपनी मर्जी से इस्तीफा देने का फैसला किया है’’।

खियांग्ते को पिछले साल फरवरी में राज्य के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त होने के बाद इस पद पर नियुक्त किया गया था।

सीआईडी ने आयोग की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के सिलसिले में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि आयोग ने विपक्षी भाजपा के विरोध के बीच ‘‘अपरिहार्य परिस्थितियों’’ का हवाला देते हुए 25 जुलाई से 27 जुलाई तक होने वाली जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा को टाल दिया है।

इस बीच, सीआईडी ने पुलिस की सहायता से सोमवार को झारखंड के रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद जिलों में 18 स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई जेपीएससी द्वारा आयोजित विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच के तहत की गई।

सीआईडी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘इन छापों के दौरान कथित अनियमितताओं से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज और लैपटॉप तथा मोबाइल फोन जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा बैंक पासबुक और चेकबुक, उम्मीदवारों की ओएमआर शीट की कार्बन प्रतियां, प्रवेश-पत्र और अंक-पत्र भी बरामद किए गए।’’

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में