पुडुचेरी के पूर्व मंत्री ने चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर भाजपा से इस्तीफा दिया
पुडुचेरी के पूर्व मंत्री ने चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर भाजपा से इस्तीफा दिया
पुडुचेरी, 22 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पदाधिकारी और ऑल इंडिया एन. आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में पूर्व मंत्री रहे ए.के. साई जे. सरवन कुमार ने नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी उम्मीदवार के रूप में टिकट नहीं मिलने के कुछ दिनों बाद राष्ट्रीय पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे दिया तथा उन्होंने इसके लिए पार्टी के स्थानीय नेताओं को जिम्मेदार ठहराया।
कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उन्होंने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित अन्य लोगों को अपना त्यागपत्र भेज दिया है।
मीडियाकर्मियों को बांटी गई पत्र की प्रति में, उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी या उसके राष्ट्रीय नेताओं से कोई गिला-शिकवा नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस्तीफे का कारण पुडुचेरी में पार्टी के प्रमुख पदों पर बैठे लोगों द्वारा मेरे प्रति दिखाया गया शत्रुतापूर्ण व्यवहार है।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘हालांकि पार्टी कार्यकर्ताओं ने मेरा साथ नहीं छोड़ा है, लेकिन अन्य दलों के कुछ लोगों और पार्टी के भीतर के कुछ नेताओं ने मेरी प्रगति से ईर्ष्या के कारण मेरा टिकट काट दिया है।’’
कुमार ने इस सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया कि क्या वह अभिनेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) या किसी अन्य पार्टी में शामिल होने की योजना बना रहे हैं।
कुमार को ऊसुदु निर्वाचन क्षेत्र से दोबारा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी का उम्मीदवार नहीं बनाया गया और भाजपा ने नौ अप्रैल को होने वाले चुनावों के लिए मनोनीत विधायक ई थीप्पैनथन को चुनावी मैदान में उतारा है।
भाषा यासिर दिलीप
दिलीप

Facebook


