एडप्पाडी से छठी बार चुनाव लड़ रहे तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी
एडप्पाडी से छठी बार चुनाव लड़ रहे तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी
सेलम (तमिलनाडु), 18 अप्रैल (भाषा) चुनावी राजनीति के अनुभवी नेता और सेलम जिले की एडप्पाडी विधानसभा सीट से बड़ी जीत दर्ज करते रहे पूर्व मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र से छठी बार चुनाव लड़ रहे हैं।
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा और नतीजे चार मई को घोषित किए जाएंगे।
‘ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम’ (अन्नाद्रमुक) के महासचिव पलानीस्वामी 1989, 1991, 2011, 2016 और 2021 के चुनावों में यह सीट जीत चुके हैं। उन्होंने इस कृषि प्रधान निर्वाचन क्षेत्र को अपने गढ़ में तब्दील कर लिया है। यह क्षेत्र हथकरघा, विद्युत करघा और ग्रेनाइट खदानों के लिए भी जाना जाता है।
पलानीस्वामी के सामने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता सी. कासी की चुनौती है, जो कपड़ा कारोबारी हैं और चुनावी राजनीति में पहली बार उतर रहे हैं। इनके अलावा पूर्व फिल्म निर्देशक सीमैन की नाम तमिलर काची की उम्मीदवार प्रियदर्शिनी भी मैदान में हैं। हालांकि इस सीट से कुल 15 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं लेकिन मुकाबला त्रिकोणीय माना जा रहा है।
एडप्पाडी निर्वाचन क्षेत्र उस समय चर्चा में आया था, जब लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहीं पार्टी प्रमुख जे. जयललिता के निधन के उपरांत फरवरी 2017 में स्थानीय नेता पलानीस्वामी मुख्यमंत्री बने थे।
पलानीस्वामी 1998 में तिरुचेंगोडे से सांसद भी रह चुके हैं। वह पहली बार 1989 में विधायक बने थे।
पलानीस्वामी हमेशा कहते रहे हैं कि उनका राजनीतिक जीवन इस बात का उदाहरण है कि एक सामान्य पार्टी कार्यकर्ता कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर आगे बढ़ते हुए अन्नाद्रमुक का महासचिव बन सकता है। उन्होंने सत्तारूढ़ दल द्रमुक पर राज्य में ‘‘वंशवादी शासन’’ करने का आरोप लगाते हुए कहा था, ‘‘ऐसा लोकतंत्र और ऐसा अवसर द्रमुक में नहीं है।’’
पलानीस्वामी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों के लिए तमिलनाडु में प्रचार करते हुए कहा, ‘‘(पूर्व मुख्यमंत्री) करुणानिधि के बाद उनके पुत्र स्टालिन मुख्यमंत्री बने और फिर उनके पुत्र उदयनिधि को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। इस तरह एक ही परिवार पार्टी और शासन पर हावी रहकर इस विरासत को आगे बढ़ाएगा। क्या आप चाहते हैं कि ऐसी पार्टी तमिलनाडु में शासन करे?’’
पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘इस चुनाव से राज्य में परिवारवाद और भ्रष्टाचार का अंत होना चाहिए।’’
अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ पदाधिकारियों का दावा है कि द्रमुक नेता, पलानीस्वामी के खिलाफ ‘‘निजी हमलों’’ की हद तक टिप्पणियां कर रहे हैं, इसके बावजूद उनके पार्टी प्रमुख ने संयम बरतते हुए जवाब दे रहे हैं।
हालांकि, पलानीस्वामी ने द्रमुक नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ मैं कौन-सा हथियार इस्तेमाल करूंगा, यह मैं नहीं, वे तय करते हैं।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अगर वे अनावश्यक निजी टिप्पणियां करते रहे, तो मैं जवाब दूंगा।’’
एडप्पाडी में कुल 2,74,054 लोग मतदान करने के लिए पात्र हैं।
भाषा
सिम्मी संतोष
संतोष

Facebook


