झारखंड के गुमला में बुजुर्ग महिला की पीट कर हत्या करने के आरोप में चार लोग गिरफ्तार
झारखंड के गुमला में बुजुर्ग महिला की पीट कर हत्या करने के आरोप में चार लोग गिरफ्तार
गुमला, 10 मार्च (भाषा) झारखंड के गुमला जिले में बच्चा चोर होने के संदेह में एक बुजुर्ग महिला की पीट कर हत्या करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार रात बिष्णुनपुर पुलिस थाना क्षेत्र के लगबा गांव में घटी, जब 55 वर्षीय महिला को ग्रामीणों के एक समूह ने लाठियों से पीटा और पथराव किया क्योंकि यह अफवाह फैल गई थी कि वह बच्चा चोर है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान टेट्रा ओरांव (45), बेसाई ओरांव (45), शिवलाल ओरांव (50) और एतवा ओरांव (60) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया गया और उन पर बीएनएस की धारा 103 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रभारी अधिकारी अर्जुन कुमार यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमने अब तक इस मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों ने कथित घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी भी कर रही है। अभी तक हम पीड़ित महिला की शिनाख्त नहीं कर पाए हैं।’’
यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को सदर अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया है।
पीड़िता मानसिक रूप से बीमार थी और पिछले कुछ दिनों से इलाके में भटक रही थी।
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश

Facebook


