झारखंड में व्यक्ति की हत्या के मामले में चार लोग गिरफ्तार
झारखंड में व्यक्ति की हत्या के मामले में चार लोग गिरफ्तार
सरायकेला (झारखंड), 19 जुलाई (भाषा) झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में एक दिन पहले 27 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या के मामले में कथित तौर पर शामिल होने के आरोप में दो भाइयों सहित चार लोगों को रविवार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि मृतक जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा के छोटे भाई की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए सबूत जुटाए और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने कहा, “मृतक गोप के छोटे भाई ने कुछ आरोपियों की पहचान की थी। इसके बाद मामले की जांच करने और दोषियों को पकड़ने के लिए अनुमंडल पुलिस अधिकारी (सरायकेला) अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।”
उन्होंने बताया कि टीम ने सीसीटीवी फुटेज सहित विभिन्न स्रोतों से सबूत जुटाए और चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलायडीह के रहने वाले हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बोलायडीह बलरामपुर निवासी गोप की शनिवार को एक आरोपी के साथ तीखी बहस हो गई थी, जिसके बाद उसकी दिनदहाड़े हत्या कर दी गई।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गोप शराब पीने के बाद अक्सर इलाके में हंगामा करता था। नशे की हालत में हंगामा करने के बाद आरोपियों ने उस पर दो छड़ों और चाकू से हमला किया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई लोहे की दो छड़ें बरामद कीं।
भाषा
प्रचेता प्रशांत
प्रशांत

Facebook


