लिंग अनुपात संबंधी उपायों की खराब निगरानी के चलते हरियाणा में चार चिकित्सक निलंबित

लिंग अनुपात संबंधी उपायों की खराब निगरानी के चलते हरियाणा में चार चिकित्सक निलंबित

लिंग अनुपात संबंधी उपायों की खराब निगरानी के चलते हरियाणा में चार चिकित्सक निलंबित
Modified Date: May 19, 2026 / 12:10 pm IST
Published Date: May 19, 2026 12:10 pm IST

चंडीगढ़, 19 मई (भाषा) हरियाणा सरकार ने सोमवार को राज्य में घटते लिंगानुपात को सुधारने के लिए चलाए जा रहे उपायों की निगरानी और प्रभावी तरीके से उन्हें लागू करने में कथित लापरवाही पर तीन वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों और एक चिकित्सा अधिकारी को निलंबित कर दिया।

निलंबन के आदेश अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) सुमिता मिश्रा द्वारा जारी किए गए थे।

आदेश के अनुसार, सोनीपत के पुरखास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) डॉ. टीना आनंद, यमुनानगर के रादौर सीएचसी में एसएमओ डॉ. विजय परमार, रोहतक के चिरी सीएचसी में एसएमओ डॉ. सतपाल और नारनौल के सहलांग सीएचसी में चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान चारों अधिकारी रोहतक, अंबाला, झज्जर और रेवाड़ी में सिविल सर्जन के कार्यालयों से जुड़े रहेंगे।

आदेश में कहा गया है, ‘सरकार ने खराब प्रदर्शन और लिंगानुपात में सुधार से संबंधित उपायों की प्रभावी निगरानी और कार्यान्वयन सुनिश्चित करने में विफल रहने के लिए इन अधिकारियों के खिलाफ हरियाणा सिविल सेवा (दंड और अपील) नियम, 2016 के नियम सात के तहत अनुशासनात्मक कार्यवाही भी शुरू की है।’

चालू वर्ष के पहले चार महीनों में हरियाणा में जन्म के समय लिंगानुपात (एसआरबी) घटकर प्रति 1,000 लड़कों पर 898 लड़कियां रह गया है।

हालांकि, पिछले पूरे वर्ष के लिए यह आंकड़ा 923 था, जो राज्य में अब तक का उच्चतम स्तर है।

चालू वर्ष के पहले चार महीनों में, सोनीपत, रोहतक और यमुनानगर सहित कुछ जिलों में जन्म के समय लिंगानुपात 900 के आंकड़े से नीचे दर्ज किया गया।

हालांकि, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिलों में करनाल शामिल है, जहां जन्म के समय लिंगानुपात 968 दर्ज किया गया, और फरीदाबाद में यह 932 रहा।

हरियाणा सरकार ने हाल में लिंगानुपात में सुधार लाने और अवैध लिंग निर्धारण प्रथाओं पर अंकुश लगाने के लिए अपने राज्यव्यापी अभियान को तेज किया है।

भाषा तान्या वैभव

वैभव


लेखक के बारे में