अजमेर में पूर्व सरपंच समेत परिवार के चार लोगों की हत्या: पुलिस
अजमेर में पूर्व सरपंच समेत परिवार के चार लोगों की हत्या: पुलिस
जयपुर, 28 मई (भाषा) राजस्थान के अजमेर जिले में एक पूर्व सरपंच समेत उनके परिवार के चार सदस्यों की कथित तौर पर हत्या करने के बाद शवों को गाड़ी में रखकर जलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस को संदेह है कि इस मामले में पूर्व सरपंच की पहली पत्नी और कुछ अन्य लोगों की भूमिका हो सकती है।
उसने बताया कि यह घटना अजमेर शहर से करीब 60 किलोमीटर दूर श्रीरामपुरा गांव में बृहस्पतिवार तड़के सामने आई, जब राजमार्ग पर एक स्कॉर्पियो जलती हुई मिली।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान पूर्व सरपंच राम सिंह चौधरी, उनकी मां पूसी देवी, पत्नी सूर्यज्ञान देवी और भतीजी महिमा चौधरी के रूप में हुई है।
उसने बताया कि जले हुए वाहन के अंदर तीन शव मिले, जबकि एक शव समीप खेत से बरामद किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला ने बताया कि शुरुआत में यह मामला वाहन में आग लगने से हुई दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका सामने आई है।
उन्होंने बताया कि गाड़ी चौधरी के घर से करीब 500 मीटर दूर मिली। जब पुलिस घर पहुंची तो राम सिंह की पहली पत्नी ने बताया कि वह अपनी मां को लेकर अस्पताल गए थे, क्योंकि उनकी तबीयत खराब थी और सीने में दर्द हो रहा था।
इस बीच, पुलिस को शवों पर चोट के निशान मिले और घर के अंदर खून के धब्बे भी दिखाई दिए जिसके बाद हत्या के पहलू से जांच शुरू की गई। सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक प्रयोगशाला की टीम को मौके पर बुलाया गया।
अगरवाला ने बताया कि राम सिंह की दो पत्नियां थीं और इस बात को लेकर परिवार में विवाद था।
उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि पहली पत्नी और बच्चों की राम सिंह तथा उनकी मां के साथ कहासुनी हुई थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया राम सिंह की पहली पत्नी और बच्चों ने देर रात चारों की हत्या कर दी और बाद में शवों को राजमार्ग पर ले जाकर गाड़ी में आग लगा दी, ताकि इसे दुर्घटना का रूप दिया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
उन्होंने बताया कि कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
भाषा पृथ्वी
मनीषा खारी
खारी

Facebook


