राजस्थान के ब्यावर में सेवानिवृत्त शिक्षक दंपति की हत्या, दो नाबालिग समेत चार लोग हिरासत में

Ads

राजस्थान के ब्यावर में सेवानिवृत्त शिक्षक दंपति की हत्या, दो नाबालिग समेत चार लोग हिरासत में

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 02:32 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 02:32 PM IST

जयपुर, 30 मार्च (भाषा) राजस्थान के ब्यावर जिले में सेवानिवृत्त शिक्षक दंपति की रविवार को कथित तौर पर लोहे के सरिए से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

ब्यावर के जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने बताया कि इस मामले में दो नाबालिगों समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।

उन्होंने बताया कि वारदात के समय विनोद कुमार शर्मा (68) और उनकी पत्नी पूर्णिमा शर्मा (65) घर पर अकेले थे। सॉफ्टवेयर इंजीनियर उनका बेटा नौकरी के सिलसिले में शहर से बाहर था।

सिंह ने बताया कि इस घटना का पता रविवार रात तब चला, जब दंपति के घर से लगातार पानी बहता रहा। पड़ोसियों को संदेह हुआ और उन्होंने उनके रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी जिसके बाद रिश्तेदार और पड़ोसी घर पहुंचे।

उन्होंने बताया कि घर के अंदर दंपति खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े थे। घटनास्थल के पास ही एक सरिया भी मिला।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।

पुलिस के अनुसार, दंपति का बेटा गुरुग्राम में काम करता है और घटना की सूचना मिलने के बाद वह रविवार देर रात घर पहुंच गया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रथम दृष्टया दंपति की हत्या लूट के इरादे से की गई प्रतीत होती है।

भाषा पृथ्वी खारी

खारी