घर खरीदारों से 2,004 करोड़ रुपये की ‘धोखाधड़ी’, रियल एस्टेट समूह के चार प्रवर्तक गिरफ्तार
घर खरीदारों से 2,004 करोड़ रुपये की ‘धोखाधड़ी’, रियल एस्टेट समूह के चार प्रवर्तक गिरफ्तार
नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 19,000 से अधिक घर खरीदारों और निवेशकों से 2,004 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में एक रियल एस्टेट समूह के चार प्रवर्तकों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।
बयान के मुताबिक, ‘अर्थ इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड’ के प्रवर्तक/निदेशक अवधेश कुमार गोयल, रजनीश मित्तल, अतुल गुप्ता और विकास गुप्ता को एक जून को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
बयान में कहा गया है कि आरोपियों को दिल्ली की एक विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें पांच दिन के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया।
ईडी के अनुसार, रियल एस्टेट समूह ने आवासीय और वाणिज्यिक इकाइयों का समय पर कब्जा देने तथा एक निश्चित रिटर्न उपलब्ध कराने का वादा करके 19,425 से अधिक घर खरीदारों एवं निवेशकों से लगभग 2,004 करोड़ रुपये एकत्र किए थे।
जांच एजेंसी ने कहा कि उसकी जांच में सामने आया कि समूह की विभिन्न इकाइयों और संबंधित कंपनियों एवं व्यक्तियों के माध्यम से लगभग 467 करोड़ रुपये की हेराफेरी की गई।
ईडी ने कहा, “खरीदारों/निवेशकों से पर्याप्त धनराशि मिलने के बावजूद परियोजनाएं या तो अधूरी छोड़ दी गईं या फिर इकाइयों का कब्जा नहीं सौंपा गया, जिससे घर खरीदारों और निवेशकों को नुकसान हुआ।”
जांच एजेंसी के मुताबिक, जांच में यह भी पता चला कि कथित अपराध से अर्जित धनराशि का एक हिस्सा समूह के प्रवर्तकों और निदेशकों से जुड़ी विभिन्न इकाइयों और व्यक्तियों के नाम पर चल एवं अचल संपत्तियों की खरीदारी के लिए इस्तेमाल किया गया।
यह जांच दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की ओर से ‘अर्थ इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड’, उसके निदेशकों/प्रवर्तकों और संबंधित इकाइयों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के विभिन्न प्रावधानों के तहत दर्ज की गई पांच प्राथमिकी के आधार पर शुरू की गई थी।
गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) ने भी समूह के प्रवर्तकों और निदेशकों के खिलाफ कंपनी अधिनियम की धारा-447 के तहत एक आपराधिक शिकायत भी दर्ज की है।
अप्रैल में ईडी ने दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में अर्थ समूह से जुड़े परिसरों पर छापे मारे थे।
छापेमारी के दौरान एजेंसी ने लगभग 6.30 करोड़ रुपये नकद, करीब 8.78 करोड़ रुपये के आभूषण और 100 से अधिक अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक है।
भाषा पारुल मनीषा
मनीषा

Facebook


