आंध्र प्रदेश में ट्रेन की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत
आंध्र प्रदेश में ट्रेन की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत
श्रीकाकुलम, 23 सितंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के टेक्कली में बुधवार को रेलवे पटरी पार कर रहे चार छात्रों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि एक छात्र घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
श्रीकाकुलम जिले के पुलिस अधीक्षक के. वी. महेश्वर रेड्डी ने बताया कि हादसा टेक्कली शहर के राविवलासा इलाके में दोपहर करीब एक बजे हुआ।
रेड्डी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ट्रेन की चपेट में आने से चार छात्रों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।’’
उन्होंने बताया कि सभी छात्र 20 वर्ष से कम उम्र के थे और आसपास के गांवों के रहने वाले थे।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर दुख जताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि छात्रों ने सामने से आ रही ट्रेन को देखा नहीं होगा।
जीवित बचे छात्र एस. राज के अनुसार, हादसे के समय वे सभी निवृत हो रहे थे।
राज का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। विज्ञप्ति में कहा गया कि नायडू ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद मुहैया कराने का निर्देश दिया है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


