दिल्ली के एक केंद्र पर आयोजित एफटीआईआई परीक्षा रद्द की गई

दिल्ली के एक केंद्र पर आयोजित एफटीआईआई परीक्षा रद्द की गई

दिल्ली के एक केंद्र पर आयोजित एफटीआईआई परीक्षा रद्द की गई
Modified Date: April 26, 2026 / 07:15 pm IST
Published Date: April 26, 2026 7:15 pm IST

नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) प्रशासन ने रविवार को दिल्ली के एक परीक्षा केंद्र पर कुछ अभ्यर्थियों के कथित तौर पर स्ट्रांग रूम में घुसकर कर्मचारियों के साथ हाथापाई करने के बाद उक्त केंद्र की परीक्षा रद्द कर दी। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि अन्य सभी केंद्रों पर परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं।

परीक्षा रद्द करने के संदर्भ में उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी, ताकि घटनाओं के सटीक कारण और क्रम का पता लगाया जा सके।

सूत्रों ने बताया कि दिल्ली स्थित उक्त केंद्र पर एफटीआईआई की प्रवेश परीक्षा की पहली पाली के दौरान, एक भवन में प्रश्नपत्र वितरण में देरी के कारण कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो गई। उन्होंने बताया कि नाराज कुछ अभ्यर्थी कथित तौर पर स्ट्रांग रूम में घुस गए और कर्मचारियों के साथ हाथापाई की।

उन्होंने बताया कि परीक्षा एजेंसी और केंद्र प्रभारी के साथ एक आपातकालीन बैठक में, एफटीआईआई प्रशासन ने उस विशेष भवन में उम्मीदवारों के लिए परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया।

सूत्रों ने बताया कि मौके पर पुलिस के साथ-साथ एफटीआईआई का पर्यवेक्षक भी उपस्थित था।

उन्होंने बताया कि दूसरी पाली के दौरान, एफटीआईआई के पर्यवेक्षक ने कुछ उम्मीदवारों द्वारा उठाई गई चिंताओं पर संज्ञान लिया और उस विशेष भवन के लिए दूसरी पाली की परीक्षा को भी रद्द करने का निर्णय लिया।

एक सूत्र ने बताया कि दोबारा परीक्षा आयोजित करने की तारीख के संबंध में निर्णय की सूचना उम्मीदवारों को दे दी जाएगी।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में