गांदरबल मुठभेड़ की जांच का आदेश सराहनीय : मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला

गांदरबल मुठभेड़ की जांच का आदेश सराहनीय : मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला

गांदरबल मुठभेड़ की जांच का आदेश सराहनीय : मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला
Modified Date: April 9, 2026 / 08:56 pm IST
Published Date: April 9, 2026 8:56 pm IST

श्रीनगर, नौ अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की इस बात के लिए प्रशंसा की कि उन्होंने गांदरबल मुठभेड़ के फर्जी होने के आरोपों की तुरंत जांच का आदेश दिया।

अब्दुल्ला ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से कहा, ‘‘अच्छी बात यह है कि कुछ भी छिपाने का प्रयास नहीं किया गया। उपराज्यपाल ने घटना की समयबद्ध और पारदर्शी जांच के हमारे अनुरोध को तुरंत स्वीकार कर लिया।’’

सेना ने दावा किया था कि 31 मार्च को अरहामा के जंगलों में हुई मुठभेड़ में मारा गया व्यक्ति आतंकवादी था।

हालांकि, गांदरबल निवासी राशिद अहमद मुगल के परिजन ने उसके आतंकी संबंधों के आधिकारिक दावे को खारिज कर दिया है। उन्होंने मुठभेड़ को फर्जी बताया और विधिवत अंतिम संस्कार करने के लिए राशिद का शव सौंपे जाने की मांग की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उपराज्यपाल सिन्हा ने इस आरोप की मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दिया है और रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर सौंपे जाने की उम्मीद है।

अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘जांच जारी है। रिपोर्ट पूरी होते ही सार्वजनिक कर दी जाएगी। हमारा प्राथमिक लक्ष्य ऐसी घटनाओं को रोकना होना चाहिए। लेकिन अगर ऐसा होता है, तो सच्चाई को छिपाया नहीं जाना चाहिए। लोगों को सच्चाई बताई जानी चाहिए।’’

भाषा यासिर अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में