गौरव गोगोई ने बघेल को असम मामलों का नया प्रभारी महासचिव बनाए जाने का स्वागत किया
गौरव गोगोई ने बघेल को असम मामलों का नया प्रभारी महासचिव बनाए जाने का स्वागत किया
गुवाहाटी, छह सितंबर (भाषा) कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने रविवार को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को एआईसीसी महासचिव के रूप में प्रदेश इकाई का नया प्रभारी नियुक्त किए जाने का स्वागत किया।
गोगोई ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के निवर्तमान असम मामलों के महासचिव जितेंद्र सिंह का भी आभार जताया, जो पिछले कुछ वर्षों से राज्य में पार्टी का प्रभार संभाल रहे थे और विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार के बाद इस पद से इस्तीफा दे दिया था।
लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गोगोई ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम असम में एआईसीसी महासचिव श्री भूपेश बघेल जी के साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं। उनका अनुभव और मार्गदर्शन हमारे लिए बहुत कीमती होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं हाल के समय में पार्टी का नेतृत्व और मार्गदर्शन करने के लिए श्री जितेंद्र सिंह का आभारी हूं।’’
एआईसीसी ने शनिवार को संगठन में बड़े स्तर पर फेरबदल किया और कई नियुक्तियों के साथ-साथ बघेल को असम का प्रभारी महासचिव बनाया। उन्हें चुनाव वाले राज्य पंजाब में इसी पद से हटाकर नयी जिम्मेदारी दी गई।
पार्टी के वरिष्ठ नेता बघेल, पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान असम के लिए एआईसीसी पर्यवेक्षकों में शामिल थे।
भाषा धीरज संतोष
संतोष

Facebook


