नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) पूर्वी दिल्ली के गाज़ीपुर इलाके में अपनी मां के साथ स्कूल से घर लौटते समय ई-रिक्शा की चपेट में आने से 10 साल की बच्ची की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी की बच्ची मयूर विहार फेज-3 में नगर निगम के स्कूल में पांचवी कक्षा की छात्रा थी।
परिवार के अनुसार, वह स्कूल के बाद अपनी मां के साथ घर जा रही थी, तभी विद्यालय के पास एक ई-रिक्शा ने कथित तौर पर उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बच्ची बेहोश हो गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के बाद ई-रिक्शा चालक ने कथित तौर पर मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय निवासियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश