बाहरी उत्तर दिल्ली में खंभा गिरने से लड़की की मौत

बाहरी उत्तर दिल्ली में खंभा गिरने से लड़की की मौत

बाहरी उत्तर दिल्ली में खंभा गिरने से लड़की की मौत
Modified Date: June 7, 2026 / 05:04 pm IST
Published Date: June 7, 2026 5:04 pm IST

नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) बाहरी उत्तर दिल्ली के होलंबी खुर्द क्षेत्र में पुरानी ईंट का एक खंभा गिरने से छह साल की बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार को नरेला औद्योगिक क्षेत्र के मेट्रो विहार में घटी।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी का पता नहीं चला है और यह घटना आकस्मिक प्रतीत होती है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “शनिवार को एक लड़की के नाले में गिरने की सूचना मिलने के बाद, पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और नाबालिग को ढके हुए सेप्टिक टैंक की सतह पर बेहोश पाया।”

अधिकारी ने बताया कि होलंबी खुर्द के मेट्रो विहार की निवासी बच्ची को सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बाद में शव को जहांगीरपुरी स्थित बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल के मुर्दाघर में भेज दिया गया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बच्ची ईंट के खंभे से बंधी रस्सी के झूले पर खेल रही थी। रस्सी का दूसरा सिरा पास की दीवार पर लगी धातु की ग्रिल से बंधा हुआ था।

उन्होंने बताया, “प्रारंभिक जांच में पता चला कि ईंट का खंभा जर्जर हालत में था। जब लड़की झूले पर झूल रही थी, तभी अचानक कमजोर ढांचा टूटकर गिर गया, जिससे लड़की को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।”

पुलिस ने बताया कि खंभा पुराना और अस्थिर लग रहा था और शायद झूले का भार सहन करने में सक्षम नहीं था। घटना के बाद स्थानीय निवासी घटनास्थल पर जमा हो गए, जबकि पुलिस ने इलाके का निरीक्षण किया और परिवार के सदस्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए।

पुलिस जांच के तहत सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है।

पुलिस ने बताया कि खंभा गिरने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

भाषा

राखी प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में