हरियाणा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया
हरियाणा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया
चंडीगढ़, 12 मई (भाषा) हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा में लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। परीक्षा के परिणाम मंगलवार को घोषित किए गए, जिसमें 84.67 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
लड़कियों के उत्तीर्ण होने का प्रतिशत 87.97 रहा, जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.45 रहा।
बोर्ड के अध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि कुल 2,42,856 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 2,05,618 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।
प्राइवेट विद्यार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 69.57 रहा। परीक्षा में शामिल 1,19,893 छात्राओं में से 1,05,467 उत्तीर्ण हुईं, जिनका उत्तीर्ण प्रतिशत 87.97 रहा।
कुल 1,22,963 लड़कों में से 1,00,151 उत्तीर्ण हुए, जिनका उत्तीर्ण प्रतिशत 81.45 रहा।
उन्होंने बताया कि कला विषय में उत्तीर्ण प्रतिशत 82.60, विज्ञान विषय में 90.08 प्रतिशत और वाणिज्य विषय में 88.20 प्रतिशत रहा।
अधिकारी ने बताया कि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के उत्तीर्ण होने का प्रतिशत 82.44 रहा, जबकि निजी स्कूलों में यह 87.94 प्रतिशत रहा।
इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के उत्तीर्ण होने का प्रतिशत 84.98 रहा, जबकि शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 83.91 प्रतिशत रहा।
कुमार ने बताया कि राज्य भर में, तीनों विषयों में शीर्ष अंक प्राप्त करने वालों में दीपिका (विद्याकंद विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, छिल्लर, रेवाड़ी), उदिता (विश्वेश्वरैया कन्या गुरुकुल, रुडकी) और योगिता (शिक्षा भारती ग्लोबल स्कूल, बुदयां, जिंद) तथा मुस्कान (ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल, धामतान साहिब, जिंद) शामिल हैं।
दीपिका को 499 अंक प्राप्त हुए जबकि उदिता को 498 तथा योगिता और मुस्कान को 497 अंक मिले।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


