गोवा के स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की घोषणा की
गोवा के स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की घोषणा की
पणजी, 11 जून (भाषा) गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बृहस्पतिवार को राज्य में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की घोषणा की और कहा कि इस पहल का उद्देश्य कैंसर और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को घर पर ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के मौके पर मडगांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राणे ने पत्रकारों से कहा कि स्वास्थ्य विभाग पहले ही एक ‘होम केयर’ सुविधा की शुरुआत कर चुका है, जो वर्तमान में लगभग 800 मरीजों को सेवाएं प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि इस सेवा में नर्स, फिजियोथेरेपिस्ट, ‘स्पीच थेरेपिस्ट’ और अन्य स्वास्थ्य पेशेवर शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे हो गये हैं, हम उन लोगों के लिए घर-घर स्वास्थ्य देखभाल सेवा पहुंचा रहे हैं जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है, विशेषकर कैंसर, स्ट्रोक और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए।”
राणे ने कहा कि अगले तीन महीनों में समर्पित ‘होम केयर टीम’ का विस्तार किया जाएगा, ताकि पूरे राज्य में अधिक लाभार्थियों तक यह सुविधा पहुंचाई जा सके।
मंत्री ने मडगांव स्थित दक्षिण गोवा जिला अस्पताल में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की योजना की भी घोषणा की।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


