गोवा को 2,000 करोड़ रुपये की समुद्री परियोजनाएं और ‘वाटर मेट्रो’ मिलेगी: सोनोवाल

गोवा को 2,000 करोड़ रुपये की समुद्री परियोजनाएं और ‘वाटर मेट्रो’ मिलेगी: सोनोवाल

गोवा को 2,000 करोड़ रुपये की समुद्री परियोजनाएं और ‘वाटर मेट्रो’ मिलेगी: सोनोवाल
Modified Date: June 26, 2026 / 06:40 pm IST
Published Date: June 26, 2026 6:40 pm IST

पणजी, 26 जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को घोषणा की कि सरकार गोवा के समुद्री क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 2,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं लाएगी और एक अत्याधुनिक ‘वाटर मेट्रो’ प्रणाली शुरू करेगी।

केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की मौजूदगी में नयी ‘कैप्टन ऑफ पोर्ट्स’ इमारत का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं खास तौर पर गोवा सरकार का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। अपने मंत्रालय की तरफ से हमने आने वाले दिनों में गोवा में समुद्री क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 2,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं लाने का फैसला किया है।’’

सोनोवाल ने कहा कि सरकार लोगों की सुविधा के लिए गोवा में ‘वाटर मेट्रो’ प्रणाली शुरू करने की भी योजना बना रही है।

उन्होंने कहा कि ‘कैप्टन ऑफ पोर्ट्स’ इमारत एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि इसका डिजाइन जहाजों से प्रेरित है और यह गोवा के समृद्ध इतिहास एवं समुद्री विरासत को दर्शाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस पहल के जरिए सरकार ने गोवा की समुद्री विरासत को बचाने और उसे बढ़ावा देने की दिशा में एक मजबूत कदम उठाया है। यह हमारे प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) के उस विजन के अनुरूप है, जिसमें वह हमेशा कहते हैं – ‘विकास भी, विरासत भी’।’

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में