ऐप आधारित सेवाओं से टैक्सी संचालकों के नहीं जुड़ने से गोवा की छवि हो रही है खराब : मंत्री
ऐप आधारित सेवाओं से टैक्सी संचालकों के नहीं जुड़ने से गोवा की छवि हो रही है खराब : मंत्री
पणजी, नौ मार्च (भाषा) गोवा के परिवहन मंत्री मौविन गोडिन्हो ने सोमवार को ऐप-आधारित टैक्सी सेवाओं का विरोध करने पर पर्यटन टैक्सी लॉबी पर कड़ा हमला किया और कहा कि इससे तटीय राज्य की पर्यटन प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है
परिवहन मंत्री ने राज्य विधानसभा को बताया कि पर्यटक टैक्सी संचालक ऐप-आधारित सेवाओं से जुड़ने के लिए तैयार नहीं हैं, जिससे सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं और पर्यटन उद्योग की छवि खराब हो रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी टैक्सी संचालकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाना चाहते हैं। हमने उनकी इस मांग से भी सहमति जताई कि राज्य में ओला और उबर जैसी सेवाओं को अनुमति न दी जाए। टैक्सी संचालक राज्य में पहले से चल रही गोवा माइल्स और गोवा टैक्सी ऐप सेवाओं से खुद को जोड़ सकते हैं।’’
इससे पहले, विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ ने सदन में यह मुद्दा उठाया।
गोडिन्हो ने पूछा कि क्या गोवा एक अलग गणराज्य है कि टैक्सी संचालक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़ने से इनकार कर सकते हैं?
अलेमाओ ने कहा कि गोवा में 93 प्रतिशत टैक्सी संचालकों ने राज्य में ‘टैक्सी एग्रीगेटर’ के लिए तैयार किए गए दिशानिर्देशों के मसौदे पर आपत्ति जताई है।
कांग्रेस नेता ने मांग की कि राज्य सरकार को जनता की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए और दिशानिर्देशों के मसौदे को रद्द कर देना चाहिए।
चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि गोवा में ‘टैक्सी एग्रीगेटर’ के लिए दिशानिर्देश केवल एक मसौदा हैं और नई टैक्सी नीति लागू होने पर इन्हें रद्द कर दिया जाएगा।
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप

Facebook


