व्हाइट नाइट कोर के जीओसी ने राजौरी में आतंकवाद रोधी अभियान की समीक्षा की

व्हाइट नाइट कोर के जीओसी ने राजौरी में आतंकवाद रोधी अभियान की समीक्षा की

व्हाइट नाइट कोर के जीओसी ने राजौरी में आतंकवाद रोधी अभियान की समीक्षा की
Modified Date: June 2, 2026 / 06:26 pm IST
Published Date: June 2, 2026 6:26 pm IST

जम्मू, दो जून (भाषा) व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल पी के मिश्रा ने मंगलवार को जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले के घने वन में चलाए जा रहे आतंकवाद रोधी अभियान ‘ऑपरेशन शेरावाली’ की प्रगति की समीक्षा की। यह अभियान अब 11वें दिन में प्रवेश कर चुका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कोर कमांडर ने आतंकवाद रोधी बल (सीआईएफ) रोमियो के जीओसी के साथ गंभीर मुगलान क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अभियान की स्थिति का आकलन किया और मांजकोट सेक्टर के वन क्षेत्र में छिपे संदिग्ध आतंकियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की।

सेना के अनुसार, लेफ्टिनेंट जनरल पी के मिश्रा को अभियान की रणनीति, जारी कार्रवाई और जवानों द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी गई।

व्हाइट नाइट कोर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जीओसी, व्हाइट नाइट कोर, जीओसी सीआईएफ रोमियो के साथ, ऑपरेशन शेरावाली की प्रगति की समीक्षा करने और जमीनी स्तर पर अभियानगत स्थिति का आकलन करने के लिए गंभीर मुगलान क्षेत्र का दौरा किया।’’

सेना के अनुसार, कोर कमांडर ने सैनिकों की दृढ़ता, पेशेवर कौशल और अभियान संबंधी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए उनकी प्रशंसा की।

सेना ने कहा, ‘‘उन्होंने सभी रैंक के सैन्यकर्मियों के उच्च मनोबल, अटूट एकाग्रता और अभियान के लक्ष्यों को हासिल करने के प्रति उनके दृढ़ संकल्प की सराहना की।’’ सेना ने कहा कि व्हाइट नाइट कोर निरंतर उत्कृष्ट अभियान संचालन के जरिए क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

राजौरी जिले के दोरिमाल-गंभीर मुगलान क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद 23 मई को अभियान शुरू किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों को खदेड़ने के प्रयासों को तेज कर दिया है।

भाषा आशीष अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में