‘अमीरों’ को धमकी भरी कॉल कराने में मदद करने वाला गोल्डी बराड़ गिरोह का गुर्गा अहमदाबाद में गिरफ्तार
‘अमीरों’ को धमकी भरी कॉल कराने में मदद करने वाला गोल्डी बराड़ गिरोह का गुर्गा अहमदाबाद में गिरफ्तार
अहमदाबाद, 24 सितंबर (भाषा) गुजरात के अहमदाबाद में ‘‘बड़े लोगों’’ को धमकी भरी कॉल कराने में कथित तौर पर मदद करने के लिए गोल्डी बराड़ गिरोह के एक संदिग्ध सदस्य को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरिफ उर्फ ‘‘पिस्टल’’ हत्या के प्रयास, गोलीबारी और रंगदारी समेत 11 से अधिक मामलों में वांछित था।
पुलिस के मुताबिक अहमदाबाद अपराध शाखा, जिला पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर यहां वेजलपुर इलाके से आरिफ को हिरासत में लिया।
अधिकारियों ने बताया कि आरिफ गिरोह के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम कर रहा था और कथित तौर पर कनाडा में रह रहे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की ओर से धमकी भरी कॉल करने और दुबई के रास्ते चलाए जा रहे रंगदारी नेटवर्क में मदद करता था।
अहमदाबाद अपराध शाखा के अनुसार, आरिफ पुलिस की पकड़ से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदलता था और अपनी पहचान छिपाता था।
पुलिस ने बताया कि आरिफ से संयुक्त रूप से पूछताछ की जा रही है, ताकि उसके स्थानीय सहयोगियों की पहचान की जा सके और रंगदारी की गतिविधियों से जुड़े वित्तीय नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
भाषा जितेंद्र राजकुमार
राजकुमार

Facebook


