‘माचा’ की बढ़ती दिवानगी, भारत में गूगल सर्च में 1300 प्रतिशत का इजाफा
‘माचा’ की बढ़ती दिवानगी, भारत में गूगल सर्च में 1300 प्रतिशत का इजाफा
नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) ‘माचा’ अब केवल इंस्टाग्राम पर पसंद किया जाने वाला हरा पेय नहीं रह गया है बल्कि भारतीय अब इसे घर पर भी तैयार कर रहे हैं और फलों के रस के साथ मिलाकर पी रहे हैं।
गूगल ट्रेंड्स के अनुसार, पिछले एक साल में ‘माचा कैसे बनाएं’ की खोज में जबरदस्त 1,300 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है।
‘माचा’ एक महीन पिसा हुआ चाय का चूर्ण है, जो विशेष रूप से छाया में उगाई गई चाय की पत्तियों से तैयार किया जाता है।
सर्च इंजन कंपनी गूगल द्वारा अगस्त 2026 के अंत तक जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में उपभोक्ताओं के बीच माचा को लेकर जिज्ञासा बढ़ रही है।
गूगल पर पिछले एक साल में ‘माचा’ और ‘माचा क्या है’ से जुड़ी खोज में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि अगस्त 2026 में ‘माचा का स्वाद कैसा होता है’ को लेकर ‘ब्रेकआउट सर्च’ देखा गया।
‘ब्रेकआउट सर्च’ उन खोज को कहा जाता है, जिनमें किसी तय अवधि के दौरान 5,000 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की जाती है।
रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘पिछले एक साल में ‘माचा नियर मी’ (मेरे नजदीक माचा) को सबसे ज्यादा दिल्ली में सर्च किया गया, इसके बाद गोवा, चंडीगढ़ और कर्नाटक का स्थान रहा।’’
भारतीय अब इस पेय के मौसमी संस्करण भी आजमा रहे हैं।
गूगल ट्रेंड्स के अनुसार, पिछले एक साल में ‘मैंगो माचा’ की खोज में 200 प्रतिशत और ‘स्ट्रॉबेरी माचा’ की खोज में 400 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
मानसून के दौरान ‘डर्टी माचा’ और ‘कोकोनट माचा’ को लेकर भी लोगों की रुचि काफी बढ़ी।
माचा बनाने की परंपरा अब तेजी से घरों तक पहुंच रही है। पिछले एक साल में ‘माचा किट’ से जुड़ी सर्च दोगुनी हो गईं, जबकि अगस्त में ‘माचा व्हिस्क’ और ‘माचा बाउल’ ब्रेकआउट सर्च के रूप में उभरे।
स्वास्थ्य भी लोगों की रुचि का एक बड़ा क्षेत्र रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक साल में ‘माचा हेल्थ’ और ‘माचा प्रोटीन’ से जुड़ी खोजों में क्रमश: 1,000 प्रतिशत और 2,500 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
माचा के अलावा दो अन्य स्वाद भी चलन में हैं – ‘पर्पल याम उबे’ और ‘रोस्टेड जापानी ग्रीन टी होजिचा’।
उबे फिलीपीन का एक मीठा और क्रीमी बैंगनी शकरकंद है, जबकि होजिचा जापान की कम कैफीन वाली भुनी हुई ग्रीन टी है।
भाषा शफीक रंजन
रंजन

Facebook


