सरकार ने अफ्रीका में इबोला के प्रकोप के बीच ‘एयर सुविधा’ का उन्नत संस्करण शुरू किया
सरकार ने अफ्रीका में इबोला के प्रकोप के बीच ‘एयर सुविधा’ का उन्नत संस्करण शुरू किया
नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) अफ्रीका के कुछ हिस्सों में फैले इबोला के प्रकोप के बीच सार्वजनिक स्वास्थ्य निगरानी को मजबूत करने के उद्देश्य से हवाई यात्रियों के स्वास्थ्य संबंधी स्व-घोषणा पोर्टल ‘एयर सुविधा’ का उन्नत संस्करण शुरू किया गया है।
नागर विमानन मंत्रालय और दिल्ली हवाई अड्डे के संचालक डायल (डायल) ने बृहस्पतिवार को ‘एयर सुविधा 2.0’ की शुरुआत की।
स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत कार्यरत स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) के सहयोग से विकसित यह पोर्टल दूसरे देशों से आने वाले यात्रियों को अनिवार्य ऑनलाइन स्वास्थ्य स्व-घोषणा पत्र भरने और जमा करने की सुविधा प्रदान करता है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, आव्रजन मंजूरी से पहले यात्रियों को पिछले 21 दिनों की अपनी यात्रा का विवरण, संभावित संपर्क का इतिहास तथा संबंधित लक्षणों की जानकारी स्व-घोषणा पत्र में देनी होगी। एयर सुविधा स्व-घोषणा पत्र भारत पहुंचने से 24 घंटे पहले यात्रियों द्वारा भरा जा सकता है।
भारत आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को अपना स्व-घोषणा पत्र पहले से जमा करना अनिवार्य है।
नागर विमानन मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि यह पोर्टल हवाई अड्डा स्वास्थ्य अधिकारी, आव्रजन ब्यूरो, एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) तथा राज्य स्तरीय निगरानी अधिकारियों के साथ आंकड़े साझा करने की सुविधा प्रदान करता है।
यह पोर्टल जोखिम वाले यात्रियों की त्वरित पहचान और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य जांच अथवा उपचार के लिए भेजने में मदद करेगा। साथ ही, आगमन प्रक्रिया को सुगम और संपर्क रहित बनाए रखेगा क्योंकि यात्रियों को आने के बाद किसी भी प्रकार का भौतिक फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं होगी।
इससे पहले ‘एयर सुविधा’ पोर्टल को कोरोना वायरस महामारी के दौरान सक्रिय किया गया था।
मई में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कांगो और युगांडा में फैले इबोला/बुंडीबुग्यो वायरस बीमारी के प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय चिंता की सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति (पीएचईसी) घोषित किया था।
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


