सरकार ने जीएसटी बचत उत्सव पर विज्ञापनों पर 88.74 करोड़ रुपये खर्च किए

सरकार ने जीएसटी बचत उत्सव पर विज्ञापनों पर 88.74 करोड़ रुपये खर्च किए

सरकार ने जीएसटी बचत उत्सव पर विज्ञापनों पर 88.74 करोड़ रुपये खर्च किए
Modified Date: March 9, 2026 / 06:01 pm IST
Published Date: March 9, 2026 6:01 pm IST

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) सरकार ने जीएसटी बचत उत्सव के विज्ञापन पर 88.74 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जिसके तहत 22 सितंबर, 2025 से कई चीजों पर करों की दर कम कर दी गई हैं, यह जानकारी सोमवार को संसद को दी गई।

जीएसटी बचत उत्सव के विज्ञापन पर कुल खर्च की जानकारी के बारे में लोकसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में, वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा, ‘‘जीएसटी बचत उत्सव के विज्ञापन पर सरकार ने कुल 88.74 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।’’

गत तीन सितंबर को जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक में केंद्र और राज्यों ने करीब 375 चीजों पर कर की दरें कम करने का फैसला किया था। रसोई के जरूरी सामान से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, दवाइयों और उपकरणों से लेकर वाहनों तक की कीमतें 22 सितंबर से कम कर दी गईं, जिसे सरकार ने जीएसटी बचत उत्सव नाम दिया था।

चौधरी ने कहा कि केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमाशुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) 22 सितंबर, 2025 से पहले और बाद में पैकिंग वाल खाद्य पदार्थों और दवाओं समेत जरूरी चीज़ों की कीमतों पर नजर रख रहा है, ताकि यह देखा जा सके कि फायदे उपभोक्ताओं तक सही तरीके से पहुंचें।

भाषा वैभव माधव

माधव


लेखक के बारे में