हिमाचल के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लिया
हिमाचल के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लिया
शिमला/हमीरपुर, 21 जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया, जहां दोनों नेताओं ने योग की वैश्विक अपील पर जोर दिया।
राज्यपाल गुप्ता ने शिमला के रिज मैदान में ‘योग संगम’ नामक कार्यक्रम में 5,000 से अधिक लोगों का नेतृत्व किया।
इस अवसर पर उन्होंने लोगों से योग को दैनिक अभ्यास के रूप में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दुनिया को भारत का यह मूल्यवान उपहार ‘शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य लाने का एक सशक्त माध्यम है।’
इस कार्यक्रम का आयोजन राज्य पुलिस द्वारा आयुष विभाग के सहयोग से किया गया था। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, पुलिस कर्मियों, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के अधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया।
हमीरपुर में राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए सुक्खू ने कहा कि योग ‘हमारी संस्कृति की एक सर्वोच्च उपलब्धि है, जिसे अब पूरी दुनिया अपना रही है।’
कार्यक्रम के बाद सुक्खू ने पत्रकारों से योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग ‘हमारी परंपरा को दर्शाता है और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करता है।’
सुक्खू ने कहा कि राज्य में नशा-मुक्ति अभियान के दूसरे चरण में, सरकार हर घर में नशे के खिलाफ़ जागरूकता बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘इस कोशिश में योग अहम भूमिका निभाता है।’
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने लोगों से सही तरीके से योगासन करने का आग्रह भी किया।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष

Facebook


