सरकार ने तीन वर्ष में जनता से किए सभी वादे पूरे किए: मुख्यमंत्री सिद्धरमैया
सरकार ने तीन वर्ष में जनता से किए सभी वादे पूरे किए: मुख्यमंत्री सिद्धरमैया
बेंगलुरु, 27 मई (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बुधवार को दावा किया कि उनकी सरकार ने राज्य की जनता से किए गए सभी वादे पूरे किए हैं।
अपनी सरकार के 20 मई को तीन साल पूरे होने पर सिद्धरमैया ने इस बात पर जोर दिया कि उनकी सरकार के तीन वर्ष के शासन में ‘नव कर्नाटक’ का लक्ष्य हासिल कर लिया गया।
सिद्धरमैया के कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर ‘नव कर्नाटक के तीन वर्ष’ शीर्षक के साथ संदेश पोस्ट किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘राज्य की जनता के आशीर्वाद से सत्ता में तीन सार्थक वर्ष पूरे करते हुए हम अपनी सरकार की सभी उपलब्धियों का श्रेय प्रत्येक कन्नड़ भाषी को समर्पित करते हैं।’
उन्होंने कहा, ‘हमें इस बात पर गर्व है कि हमने चुनाव से पहले राज्य की जनता से किए गए हर वादे को पूरा किया है। हमने पांचों गारंटी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया है और यह सुनिश्चित किया है कि वे हर घर तक पहुंचें।’
पांच गारंटी योजनाओं में प्रत्येक परिवार को 200 यूनिट बिजली मुफ्त देने की ‘गृह ज्योति’ योजना, घर की मुखिया महिला को 2000 रूपये देने वाली ‘गृह लक्ष्मी’ योजना, प्रत्येक बीपीएल परिवार को प्रति माह 10 किलो चावल देने संबंधी ‘अन्न भाग्य’ योजना, बेरोजगार स्नातक युवाओं (18 से 25 वर्ष की आयु के बीच) को 3000 रूपये तथा बेरोजगार डिप्लोमा धारकों को 1500 रूपये दो वर्ष तक देने संबंधी ‘युवा निधि’ तथा कर्नाटक की सरकारी गैर लग्जरी बसों में राज्य के भीतर महिलाओं को निशुल्क यात्रा की अनुमति देने संबंधी ‘शक्ति’ योजना शामिल है।
भाषा
शुभम माधव
माधव

Facebook


