सभी को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रयासरत: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री

सभी को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रयासरत: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री

सभी को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रयासरत: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री
Modified Date: August 29, 2026 / 08:48 pm IST
Published Date: August 29, 2026 8:48 pm IST

अल्लूरी सीतारामराजू (आंध्र प्रदेश), 29 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य में हर व्यक्ति को पूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।

यहां गन्नेली गांव में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी होगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण की एक पहल संजीवनी इसी दिशा में उठाया गया कदम है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम राज्य में व्यवस्था को इस तरह बदल रहे हैं, ताकि हर व्यक्ति को पूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।’’

मुख्यमंत्री के अनुसार, संजीवनी कार्यक्रम राज्य के साथ-साथ पूरे देश में स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाने वाला साबित होगा।

नायडू ने कहा कि सरकार ने आदिवासी क्षेत्रों से बड़े अस्पतालों तक रक्त के नमूने ड्रोन के जरिए भेजने के लिए कदम उठाए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए सरकार 250 करोड़ रुपये का स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा मिशन शुरू कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने आदिवासी क्षेत्रों में 1,000 करोड़ रुपये खर्च कर 900 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण कराया है।

नायडू ने कहा कि इसी तरह 1.6 लाख घरों में नल से जल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है और छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का भी वादा किया।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में