रंधावा से समझौता करने वाले नेताओं के बारे में पूछूंगा : पंजाब कांग्रेस प्रमुख वडिंग
रंधावा से समझौता करने वाले नेताओं के बारे में पूछूंगा : पंजाब कांग्रेस प्रमुख वडिंग
चंडीगढ़, 29 अगस्त (भाषा) कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा द्वारा पार्टी में ‘‘समझौता करने वाले नेताओं’’ की बात किए जाने के एक दिन बाद शनिवार को कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि वह रंधावा से पूछेंगे कि उनका इशारा किसकी ओर था।
वडिंग ने कांग्रेस में ‘‘स्लीपर सेल’’ और ‘‘समझौता करने वाले नेताओं’’ के संदर्भ में रंधावा की टिप्पणी पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, ‘‘रंधावा हमारे वरिष्ठ नेता हैं और पंजाब के गृह मंत्री रह चुके हैं। जब भी हम मंच साझा करते थे, उन्होंने कई बार समझौता करने वाले नेताओं और स्लीपर सेल के बारे में बात की है। आपने उन्हें रैलियों में ऐसा कहते हुए सुना होगा।’’
वडिंग ने रंधावा की इस बात से सहमति जताई कि सभी दलों में ‘‘स्लीपर सेल’’ होते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘(रवनीत सिंह) बिट्टू केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात किया करते थे और बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और भाजपा में शामिल हो गए।’’
वडिंग ने कहा कि वह रंधावा से ऐसे नेताओं के बारे में पूछेंगे और यह भी जानेंगे कि क्या उनका इशारा उनलोगों की ओर था जो अमित शाह और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं रंधावा से पूछूंगा और यह स्पष्ट करुंगा कि कौन लोग समझौता करने वाले हैं और कौन (स्लीपर सेल के रूप में) काम कर रहे हैं।’’
शुक्रवार को बाबा बकाला में पार्टी के रखड़ पुनिया सम्मेलन में मौजूद नहीं रहने के बारे में पूछे गए एक अन्य सवाल के जवाब में वडिंग ने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि सभी वरिष्ठ नेता हर समय हर जगह मौजूद रहें।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश

Facebook


