सिविल सेवा परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए सरकार दिल्ली में बनायेगी एक और कर्नाटक भवन : शिवकुमार

सिविल सेवा परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए सरकार दिल्ली में बनायेगी एक और कर्नाटक भवन : शिवकुमार

सिविल सेवा परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए सरकार दिल्ली में बनायेगी एक और कर्नाटक भवन : शिवकुमार
Modified Date: June 20, 2026 / 09:01 pm IST
Published Date: June 20, 2026 9:01 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

बेंगलुरु, 20 जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वालों के लिए नयी दिल्ली में ‘कर्नाटक भवन-4’ के निर्माण, राज्य परिवहन निगमों के लिए 620 नई बसों को मंजूरी और पूरे राज्य में स्वास्थ्य देखभाल अवसंरचना में बड़े पैमाने पर निवेश समेत राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए कई निर्णयों की शनिवार को घोषणा की।

मंत्रिमंडल ने कुछ ग्रामीण कृषि ढांचों को विनियामक नियमों से छूट देने, यादगीर में 200 बिस्तरों वाले सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल, चिकित्सा अवसंरचना परियोजनाओं लिए वित्तपोषण और दिल्ली में कर्नाटक प्रशासनिक एवं कानूनी समन्वय तंत्र को फिर से व्यवस्थित करने की प्रक्रिया शुरू करने को भी मंजूरी दी।

शिवकुमार ने अपनी सरकार की दूसरी मंत्रिमंडलीय बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘हमने नयी दिल्ली में कर्नाटक भवन-4 बनाने का भी फ़ैसला किया है। यह सुविधा विधायकों या अधिकारियों के लिए नहीं है। यह आईएएस, आईएफएस, आईआरएस और दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए है।’’

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कर्नाटक भवन-4 को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा लगभग 80 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनाया जाएगा और इसमें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए रहने और पढ़ाई की सुविधाएं होंगी।

अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में मौजूद कर्नाटक भवन का इस्तेमाल प्रशासनिक कार्यों के लिए किया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नये कर्नाटक भवन में आवास सुविधा का कम से कम 50 प्रतिशत हिस्सा अनुसूचित जाति/जनजाति विद्यार्थियों के लिए आरक्षित होगा, जबकि बाकी सीट दूसरी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए उपलब्ध होंगी।

शिवकुमार ने नयी दिल्ली में स्थानीय आयुक्त के कार्यालय के पुनर्गठन की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार की परियोजनाओं और योजनाओं की निगरानी करने एवं केंद्र सरकार के साथ कर्नाटक के कामकाज को बेहतर बनाने के लिए एक खास व्यवस्था बनाएगी।

भाषा

राजकुमार दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में