प.बंगाल में 60 रथ यात्रा समितियों को पांच-पांच लाख रु की सहायता देगी सरकार : शुभेंदु अधिकारी

प.बंगाल में 60 रथ यात्रा समितियों को पांच-पांच लाख रु की सहायता देगी सरकार : शुभेंदु अधिकारी

प.बंगाल में 60 रथ यात्रा समितियों को पांच-पांच लाख रु की सहायता देगी सरकार : शुभेंदु अधिकारी
Modified Date: July 13, 2026 / 03:40 pm IST
Published Date: July 13, 2026 3:40 pm IST

कोलकाता, 13 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार इस साल 16 जुलाई को होने वाले रथ यात्रा उत्सव से पहले राज्य की 60 रथ यात्रा समितियों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को यह घोषणा की।

अधिकारी ने कहा, ‘‘शहर में हर साल कई रथ यात्रा समारोह आयोजित किए जाते हैं। लेकिन पिछली सरकार केवल पुलिसकर्मियों की तैनाती करके अपनी जिम्मेदारी पूरी कर देती थी। हमारी सरकार ने इसमें भागीदारी करने का फैसला किया है। सरकार 60 प्रतिष्ठित रथ यात्रा समितियों को पांच-पांच लाख रुपये का अनुदान देगी।’’

उन्होंने कहा कि राज्यभर में 75 पारंपरिक रथ यात्रा मेलों में श्रद्धालुओं की सहायता के लिए ‘सेवा केंद्र’ भी स्थापित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री राज्य सचिवालय में आयोजित समन्वय बैठक को संबोधित कर रहे थे जिसमें वार्षिक रथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई।

अधिकारी ने कहा कि ये सेवा केंद्र उत्सव के दौरान मेलों में आने वाले श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएंगे।

उन्होंने आगामी ‘श्रावण मेले’ के बारे में भी जानकारी देते हुए कहा कि इस दौरान श्रद्धालुओं के मार्गों पर निश्चित अंतराल पर ऐसे ही सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘श्रावण मेले के दौरान मार्गों पर निश्चित दूरी पर सेवा केंद्र बनाए जाएंगे, ताकि कंधों पर पवित्र जल लेकर चलने वाले लोग जरूरत पड़ने पर आवश्यक सेवाएं प्राप्त कर सकें।’’

सोमवार को हुई समन्वय बैठक 16 जुलाई को होने वाली रथ यात्रा के मद्देनजर व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए बुलाई गई थी।

अधिकारी ने आगे आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने त्योहारों में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं की थीं।

भाषा मनीषा नरेश

नरेश


लेखक के बारे में