गुजरात: ‘हादसे में मौत’ का मामला निकला सुनियोजित हत्या; मृतक की पत्नी और उसका प्रेमी गिरफ्तार

गुजरात: 'हादसे में मौत' का मामला निकला सुनियोजित हत्या; मृतक की पत्नी और उसका प्रेमी गिरफ्तार

गुजरात: ‘हादसे में मौत’ का मामला निकला सुनियोजित हत्या; मृतक की पत्नी और उसका प्रेमी गिरफ्तार
Modified Date: May 19, 2026 / 12:53 am IST
Published Date: May 19, 2026 12:53 am IST

अहमदाबाद, 18 मई (भाषा) गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में पिछले साल एक व्यक्ति की हादसे में हुई मौत का मामला एक सुनियोजित हत्या का निकला है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि वारदात के सात महीने बाद मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मुखबिरों से मिली गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर ये गिरफ्तारियां की गईं, जिससे पता चला कि महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।

अहमदाबाद अपराध शाखा ने अक्टूबर 2025 में शांतिगिरि गोस्वामी नामक व्यक्ति के संदिग्ध रूप से लापता होने और बाद में हुई मौत के संबंध में मिली गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की थी। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी जागृतिबेन और सह-साजिशकर्ता कांतिलाल साबरिया को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, सुरेंद्रनगर जिले में एक नहर के पास से गोस्वामी का शव बरामद किया गया था और शुरुआत में माना जा रहा था कि उसकी मौत सड़क हादसे में हुई।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘लगातार पूछताछ के बाद यह खुलासा हुआ कि आरोपी जागृतिबेन के लंबे समय से सह-आरोपी कांतिलाल के साथ घनिष्ठ संबंध थे। प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि लगातार घरेलू विवादों और व्यक्तिगत कलह के कारण आरोपियों ने कथित तौर पर गोस्वामी के खिलाफ साजिश रची।’

विज्ञप्ति के मुताबिक, साबरिया ने कथित तौर पर हत्या की वारदात को अंजाम देने और उसके बाद सबूतों को नष्ट करने में सक्रिय भूमिका निभाई, जबकि जागृतिबेन ने आपराधिक साजिश रचने, अपराध को छुपाने में मदद की और उसमें शामिल रही।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘आरोपियों ने कथित तौर पर यह जताकर सच्चाई को छुपाने का प्रयास किया कि गोस्वामी अपनी मर्जी से घर छोड़कर चला गया था और उन्होंने उसकी गुमशुदगी के संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज कराने से भी परहेज किया।’

भाषा सुमित जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में