गुजरात एटीएस ने भारत में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया: सांघवी
गुजरात एटीएस ने भारत में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया: सांघवी
अहमदाबाद, नौ फरवरी (भाषा) उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने सोमवार को कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में गुजरात एटीएस ने देश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है, चाहे वह ‘आतंकवादी मॉड्यूल’ का पर्दाफाश करना हो या संगठित अपराध गिरोहों और मादक पदार्थ गिरोहों पर नकेल कसना हो।
गृह विभाग का प्रभार संभाल रहे हर्ष सांघवी ने कहा कि ऑनलाइन माध्यमों के जरिए युवाओं के कट्टरपंथ की पहचान करने में आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) की सफलता राज्य के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए बेहद अहम है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में उनके हवाले से कहा गया, ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हमारी एटीएस टीम ने देश में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उसने न केवल गुजरात में, बल्कि अन्य राज्यों में हुए हमलों के मामलों में आरोपियों को पकड़ने में भी अहम भूमिका निभाई है। ऑनलाइन माध्यमों के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने वाले आतंकी गिरोह का भंडाफोड़ करने में एटीएस की सफलता राज्य के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है।’
उन्होंने जोर देकर कहा कि चाहे पंजाब की जेलों से संचालित अपराध नेटवर्क को तोड़ना हो या पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश सहित 14 से अधिक राज्यों में मादक पदार्थ इकाईयों पर छापेमारी करनी हो, गुजरात एटीएस के जवानों ने महीनों तक अपने घर-परिवार से दूर रहकर इन अभियानों को सफल बनाया।
उपमुख्यमंत्री अहमदाबाद में पुलिस विभाग की 202.85 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के ई-शिलान्यास समारोह में बोल रहे थे, जिसमें वाणिज्यिक शहर के छारोडी में 47.98 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली अत्याधुनिक एटीएस इमारत भी शामिल है।
भाषा तान्या प्रशांत
प्रशांत

Facebook


