गुजरात : एटीएस ने 25 करोड़ रुपये मूल्य की मेथामफेटामीन जब्त की, दो लोग गिरफ्तार
गुजरात : एटीएस ने 25 करोड़ रुपये मूल्य की मेथामफेटामीन जब्त की, दो लोग गिरफ्तार
अहमदाबाद, सात अप्रैल (भाषा) गुजरात के बनासकांठा जिले से करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य की पांच किलोग्राम मेथामफेटामीन जब्त की गई है और इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि संदेह है कि मादक पदार्थ की यह खेप पाकिस्तान से तस्करी कर भारत लाई गई है।
अधिकारियों ने बताया कि यह सफलता गुजरात और राजस्थान की आतंकवाद रोधी दस्तों (एटीएस) को मिली।
गुजरात एटीएस द्वारा जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शंकरराम रमेशराम और सलमान लालखान के रूप में हुई है और दोनों राजस्थान के निवासी हैं।
विज्ञप्ति के मुताबिक गुजरात और राजस्थान एटीएस के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर सोमवार शाम को राजस्थान के जैसलमेर को गुजरात के बनासकांठा से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-68 पर एक एक संदिग्ध कार को रोका।
बयान के मुताबिक कार में सवार शंकरराम और लालखान के पास पीले रंग का एक थैला मिला, जिसमें पांच पैकेट रखे हुए थे।
विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘‘ शुरुआती जांच से पुष्टि हुई है कि जब्त किया गया पदार्थ प्रतिबंधित मादक पदार्थ मेथामफेटामीन है। लगभग पांच किलोग्राम मेथामफेटामीन जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये है।’’
एटीएस के मुताबिक शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि मादक पदार्थ पाकिस्तान से तस्करी कर लाया गया था।
विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘‘पाकिस्तान के थारपारकड़ इलाके के निवासी मसात ने तस्करी के जरिये मेथामफेटामीन को राजस्थान के बाड़मेर जिले से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते भारतीय क्षेत्र में पहुंचाया।’’
पुलिस ने बताया कि एटीएस ने आरोपियों के मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप चैट, कॉल रिकॉर्ड और वीडियो सहित महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य एकत्र किये हैं, जो मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क के बारे में और अधिक जानकारी प्राप्त करने में मददगार साबित हो सकते हैं।
उसने बताया कि बाड़मेर जिले के सदर पुलिस थाने में स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
भाषा
धीरज पवनेश
पवनेश

Facebook


