गुजरात: धांधुका कस्बे में हत्या, आगजनी के दो दिन बाद विध्वंस अभियान शुरू
गुजरात: धांधुका कस्बे में हत्या, आगजनी के दो दिन बाद विध्वंस अभियान शुरू
अहमदाबाद, 21 अप्रैल (भाषा) गुजरात के अहमदाबाद जिले के धांधुका कस्बे में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों के कथित अवैध निर्माणों के खिलाफ मंगलवार को विध्वंस अभियान शुरू किया गया। यह कदम धांधुका में ‘रोड रेज’ की घटना को लेकर एक व्यक्ति की हत्या और आगजनी के दो दिन बाद उठाया गया।
पिछले रविवार को धांधुका में दो मोटरसाइकिल के आपस में टकराने के बाद धर्मेश गमारा (30) की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। गमारा की हत्या के बाद कस्बे में तनाव भड़क गया और भीड़ ने सात-आठ दुकानों में आग लगा दी।
हत्या में कथित संलिप्तता के लिए समीर और रिजवान नाम के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि 15-20 लोगों को हिरासत में लिया गया।
उपमंडल मजिस्ट्रेट विद्यासागर ने बताया कि स्थानीय प्रशासन ने मंगलवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ढहाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
उन्होंने कहा कि अधिकारी पहले से ही हत्या के दोनों आरोपियों की संपत्तियों के सिलसिले में जांच कर रहे थे और उनके मकानों के आसपास किए गए अवैध कब्जे को हटाया जा रहा था।
विद्यासागर ने कहा, “15 ढांचों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। यह प्रक्रिया छह महीने पहले शुरू की गई थी और अब अवैध निर्माणों को ढहाने का काम शुरू हो गया है।”
उन्होंने कहा कि विध्वंस से पहले सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई थीं।
यह अभियान धांधुका-बगोदरा राजमार्ग और खटकीवाड़ समेत अन्य क्षेत्रों में चलाया जा रहा है।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) आस्था राणा ने बताया कि लगभग 400 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।
विद्यासागर के मुताबिक, यह कार्रवाई मुख्य रूप से गोहत्या सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के अवैध निर्माणों के खिलाफ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में नगर निगम और राजस्व विभाग के अधिकारी भी शामिल हैं।
विद्यासागर के अनुसार, “कुछ संपत्तियों की पहचान पहले ही कर ली गई थी और इस घटना के बाद आरोपियों के मकानों पर कार्रवाई शुरू की गई।”
राणा ने कहा, “जिला प्रशासन ने जिन आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच पूरी करने के बाद उन्हें नोटिस जारी किए गए थे, उनसे जुड़े अवैध ढांचों को ध्वस्त किया जा रहा है।”
भाषा पारुल नरेश
नरेश

Facebook


