गुजरात : अकासा एयर कार्गो से 2.58 करोड़ रुपये का सोना चोरी होने के मामले में आठ गिरफ्तार

गुजरात : अकासा एयर कार्गो से 2.58 करोड़ रुपये का सोना चोरी होने के मामले में आठ गिरफ्तार

गुजरात : अकासा एयर कार्गो से 2.58 करोड़ रुपये का सोना चोरी होने के मामले में आठ गिरफ्तार
Modified Date: May 22, 2026 / 07:15 pm IST
Published Date: May 22, 2026 7:15 pm IST

अहमदाबाद, 22 मई (भाषा) शहर में अकासा एयर कार्गो से 2.58 करोड़ रुपये मूल्य के 2.1 किलोग्राम स्वर्ण आभूषण चोरी होने के मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त जोन-4 अतुल कुमार बंसल ने बताया कि 18 मई को लॉजिस्टिक्स कंपनी ने अकासा एयर की कार्गो सेवा के जरिये सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सोने के आभूषणों से भरे सात पार्सल भेजे थे जिनमें से एक पार्सल गायब था। उन्होंने बताया कि पार्सल में 2.1 किलोग्राम सोने के आभूषण थे।

बंसल ने बताया कि अहमदाबाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी, ​​सीसीटीवी फुटेज आदि का उपयोग कर मामले की जांच की और अकासा एयर के कर्मचारियों से जुड़े पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया।

उन्होंने कहा कि सालेमोहम्मद उर्फ ​​सलाम मोहम्मद अमीन अंसारी ने कथित तौर पर उसी उड़ान में एक यात्री के रूप में यात्रा की, जिससे पार्सल ले जाया गया था, और उसका टिकट जयंती पटेल द्वारा अग्रिम रूप से बुक किया गया था।

अधिकारी ने कहा, ‘‘रोशन पटेल अकासा एयर में सफाई विभाग का प्रभारी है, जबकि जयेश परमार सामान की देखभाल करने वाले कर्मी के रूप में कार्यरत है। अहमदाबाद हवाई अड्डे से कार्गो विमान में लादते समय परमार ने कथित तौर पर बाधा उत्पन्न की और पार्सल से सोना निकालकर सलाम अंसारी के बैग में डाल दिया।’’

पुलिस ने बताया कि इस साजिश का सूत्रधार जैद अंसारी है, जो विमानन कंपनी में सुरक्षा प्रभारी के रूप में काम करता है। इसने कहा कि अंसारी ने समान चढ़ाने वाले अन्य कर्मियों को कथित तौर पर बुलाकर उनकी जांच और तलाशी करवाई, ताकि परमार को चोरी करने में मदद मिल सके।

पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘चोरी का सोना सलमान अंसारी अहमदाबाद लेकर आया और रिजवान को दे दिया, जिसने इसे परेश को दे दिया। परेश ने सोने के आभूषणों को पिघलाकर बिस्कुट में तब्दील कर दिया और बाद में राजकोट तथा अहमदाबाद के विभिन्न सर्राफों को बेच दिया।’’

उन्होंने बताया कि 2.58 करोड़ रुपये मूल्य के 2.1 किलोग्राम सोने के आभूषण चोरी करने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि 1.72 करोड़ रुपये का सोना बरामद कर लिया गया है।

भाषा धीरज नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में