गुजरात: जूनागढ़ में शावक को मारने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

गुजरात: जूनागढ़ में शावक को मारने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

गुजरात: जूनागढ़ में शावक को मारने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: June 26, 2026 / 05:36 pm IST
Published Date: June 26, 2026 5:36 pm IST

जूनागढ़, 26 जून (भाषा) गुजरात के वन विभाग ने जूनागढ़ जिले के पास एक शावक को कथित तौर पर मार डालने के लिए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जूनागढ़ वन प्रभाग के डूंगर (दक्षिण) रेंज के अंतर्गत जूनागढ़ शहर के निकट स्थित रबारी नेस क्षेत्र में करीब आठ महीने का एक शावक मरा हुआ मिला था।

उपवन संरक्षक अक्षय जोशी ने एक बयान में कहा, “घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान बावन पुनाभाई चावड़ा के रूप में की गई।”

बयान के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। हालांकि गुप्त सूचना के आधार पर जूनागढ़ वन विभाग की तीन टीमों ने बृहस्पतिवार देर रात चलाए गये एक अभियान में पोरबंदर जिले के कुतियाना तालुका से आरोपी को पकड़ लिया।

जोशी ने बताया कि पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए चावड़ा को जूनागढ़ लाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही जूनागढ़ वन विभाग के कर्मचारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और वैज्ञानिक व कानूनी प्रक्रियाओं के अनुरूप जांच शुरू की।

सक्करबाग प्राणी उद्यान में तीन पशु चिकित्सकों के पैनल द्वारा शावक का पोस्टमार्टम किया गया जिन्होंने उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान होने की पुष्टि की।

बयान के मुताबिक, घटनास्थल और उससे जुड़े अन्य स्थानों से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा मामले की जांच जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच पूरी होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में