गुजरात: अहमदाबाद में खतरनाक ढंग से दौड़ाई पोर्श कार जब्त, मामला दर्ज
गुजरात: अहमदाबाद में खतरनाक ढंग से दौड़ाई पोर्श कार जब्त, मामला दर्ज
अहमदाबाद, 26 अगस्त (भाषा) शहर में बेहद लापरवाही और खतरनाक तरीके कार चलाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद अहमदाबाद पुलिस ने इसमें दिख रही ‘पोर्श’ कार को जब्त कर, 24 वर्षीय चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी पेशे से कमर्शियल पायलट है।
नवरंगपुरा पुलिस ने बताया कि वीडियो में चांदी जैसे रंग की एक पोर्श कार को एचसीजी अस्पताल से लॉ गार्डन इलाके के बीच काफी तेज रफ्तार और खतरनाक अंदाज में दौड़ते हुए देखा गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 अगस्त को दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई थी।
पुलिस विज्ञप्ति में बताया गया कि कार चालक की पहचान गांधीनगर जिले के लिंबड़िया गांव के निवासी मोहम्मद अकरान तिरमिजी (24) के रूप में हुई है।
नवरंगपुरा पुलिस थाने के निरीक्षक एन ए देसाई ने कहा, ‘हमें जानकारी मिली है कि तिरमिजी एक कमर्शियल पायलट है।’
यह कार अकरान के पिता मोहम्मद इलियास तिरमिजी के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और अकरान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 तथा मोटर वाहन अधिनियम (एमवीए) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
बीएनएस की धारा 281 सार्वजनिक सड़क पर लापरवाही, तेज गति या खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर मानव जीवन को खतरे में डालने के अपराध के लिए दंडित करती है।
पुलिस निरीक्षक देसाई ने बताया कि आरोपी को जांच के लिए थाने बुलाया गया था और उसे कानूनी नोटिस थमाया गया है।
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


