गुजरात: सौंदर्य प्रसाधनों में इस्तेमाल होने वाले ‘एटोमिडेट’ की तस्करी के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

गुजरात: सौंदर्य प्रसाधनों में इस्तेमाल होने वाले ‘एटोमिडेट’ की तस्करी के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

गुजरात: सौंदर्य प्रसाधनों में इस्तेमाल होने वाले ‘एटोमिडेट’ की तस्करी के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार
Modified Date: March 7, 2026 / 09:03 pm IST
Published Date: March 7, 2026 9:03 pm IST

अहमदाबाद, सात मार्च (भाषा) गुजरात आतंकवाद-रोधी दस्ते (एटीएस) ने शनिवार को तीन लोगों को ‘एटोमिडेट’ नामक दर्द निवारक दवा की कथित तौर पर तस्करी के लिए गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इन लोगों ने दवा को एलोवेरा पाउडर और सौंदर्य प्रसाधन सामग्री बताकर बेचा था।

एटीएस ने एक विज्ञप्ति में बताया कि सूरत के रहने वाले आरोपी निकुंज गढिया (28), चेतन वावड़िया (28) और भौतिक पद्मनी (32) मलेशिया व थाइलैंड के मादक पदार्थ तस्करों के संपर्क में थे।

एजेंसी को सूचना मिली थी कि कुछ लोग दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में इस दर्द निवारक दवा की तस्करी कर रहे हैं, जहां स्थानीय कानूनों के तहत इसे मादक या मनोरोगी पदार्थ माना जाता है।

इसके बाद एजेंसी ने यह कार्रवाई की।

अधिकारियों ने बताया कि गढिया अपनी कंपनियों ‘डीडब्ल्यूएन बायोसाइंस’, ‘न्यूट्रल फार्मा’ और ‘ओम हर्ब्स’ के माध्यम से काम करता था जबकि पद्मनी अपनी फर्म ‘जानी फार्मा’ का इस्तेमाल करता था।

इसी तरह, वावड़िया खेप के निर्यात के लिए ‘रुद्र एंटरप्राइज’ का इस्तेमाल करता था।

तीनों ने फर्जी बिल बनाकर, उत्पाद पर गलत लेबल लगाकर और जाली सीमा शुल्क निकासी दस्तावेज जमा कर मुंबई हवाई अड्डे से हवाई कार्गो के माध्यम से दवा की तस्करी की।

विज्ञप्ति में बताया गया कि ‘एटोमिडेट’ पाउडर कई देशों में नियंत्रित या प्रतिबंधित पदार्थ माना जाता है।

भाषा जितेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में