गुजरात: पावागढ़ पहाड़ी पर स्थित मंदिर जाते समय चट्टान गिरने से दो श्रद्धालुओं की मौत

गुजरात: पावागढ़ पहाड़ी पर स्थित मंदिर जाते समय चट्टान गिरने से दो श्रद्धालुओं की मौत

गुजरात: पावागढ़ पहाड़ी पर स्थित मंदिर जाते समय चट्टान गिरने से दो श्रद्धालुओं की मौत
Modified Date: June 19, 2026 / 10:26 pm IST
Published Date: June 19, 2026 10:26 pm IST

पंचमहल (गुजरात), 19 जून (भाषा) जिले में पावागढ़ पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध कालिका मंदिर की सीढ़ियां चढ़ते समय चट्टान गिरने से शुक्रवार तड़के दो तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

हलोल के अनुमंडल मजिस्ट्रेट जे. डी. पटेल ने बताया, ‘सुबह करीब पांच बजे श्रद्धालु कालिका माता मंदिर की सीढ़ियां चढ़ रहे थे तभी उन पर एक बड़ी चट्टान गिर गई।’

उन्होंने कहा कि पीड़ित बारिश से बचने के लिए एक बड़े पत्थर के नीचे शरण लिए हुए थे। रात के दौरान क्षेत्र में 116 मिलीमीटर वर्षा हुई थी, जिसके कारण संभवतः कुछ चट्टानें ढीली होकर गिर गईं।

मृतकों की पहचान प्रणवसिंह परमार (28) और गुणवंतसिंह परमार (40) के रूप में हुई है। दोनों खेड़ा जिले के निवासी थे।

घायलों में खेड़ा के पृथ्वीराज डाभी (28) और मगन डाभी (48) तथा सूरत के जय कुंभाड़िया (16) और जयेश कश्यप (31) शामिल हैं।

कुंभाड़िया और जयेश कश्यप को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य दो को गंभीर चोटों के कारण हलोल रेफरल अस्पताल भेज दिया गया।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में