‘गुजसेल’, स्कूलों को बम धमाके की धमकी वाले ईमेल भेजने का आरोपी अहमदाबाद में गिरफ्तार
‘गुजसेल’, स्कूलों को बम धमाके की धमकी वाले ईमेल भेजने का आरोपी अहमदाबाद में गिरफ्तार
अहमदाबाद, 11 मई (भाषा) अहमदाबाद पुलिस ने मार्च में अहमदाबाद हवाई अड्डे में ‘गुजरात स्टेट एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी लिमिटेड’ (गुजसेल) और स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल भेजने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
साइबर अपराध शाखा की पुलिस उपायुक्त लवीना सिन्हा ने आरोपी की पहचान भावेश पटेल (40) के रूप में की, जो अहमदाबाद का निवासी है। जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में पता चला कि धमकी भरे ईमेल पटेल द्वारा संचालित एक ईमेल अकाउंट से भेजे गए थे।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुलिस ने धमकियों के मकसद, अन्य व्यक्तियों के साथ संभावित संबंधों और आतंकवादी संगठनों या राष्ट्रविरोधी संगठनों के साथ किसी भी संभावित संबंध की जांच करने के लिए उसकी रिमांड मांगी है।
जांच अधिकारियों ने पटेल से एक मोबाइल फोन जब्त किया जिसमें कथित तौर पर धमकी भरे संदेश भेजने के लिए इस्तेमाल की गई ईमेल आईडी थी।
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च को गुजसेल और कुछ स्कूलों में बम विस्फोट की चेतावनी वाला ईमेल मिलने के बाद शिकायत दर्ज की गई थी। संदेश में सौरभ बिस्वास नामक व्यक्ति की रिहाई की भी मांग की गई थी।
शिकायत के बाद साइबर अपराध अधिकारियों ने तकनीकी और खुफिया जानकारी पर आधारित जांच शुरू की।
डीसीपी सिन्हा ने बताया कि पटेल निर्माण क्षेत्र में व्यवसायी है। वह और उसका मित्र अहमदाबाद हवाई अड्डे पर संविदा के आधार पर कार्यक्रमों के प्रबंधन का काम भी करता था।
सिन्हा ने कहा, ‘‘आरोपी ने स्वीकार किया है कि ईमेल उसकी आईडी से भेजा गया था। हालांकि, इस बात की जांच की जा रही है कि उसने खुद ईमेल भेजा था या किसी और के प्रभाव में आकर भेजा था। आगे की जांच जारी है।’’
भाषा सुरभि संतोष
संतोष

Facebook


