गुरु अर्जुन देव का बलिदान सत्य, आध्यात्मिक शक्ति का शाश्वत संदेश: हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी
गुरु अर्जुन देव का बलिदान सत्य, आध्यात्मिक शक्ति का शाश्वत संदेश: हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी
चंडीगढ़, 18 जून (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार को कहा कि सिखों के पांचवें गुरु अर्जुन देव का बलिदान भारतीय इतिहास में सत्य, सदाचार, मानवता और आध्यात्मिक शक्ति का एक अनूठा उदाहरण है।
गुरु अर्जुन देव के शहीदी दिवस के मौके पर पंचकूला में आयोजित राज्य-स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सैनी ने कहा कि उनके जीवन और शहादत से सभी को अन्याय, दमन और झूठ के आगे कभी न झुकने की प्रेरणा मिलती है।
इस मौके पर सिख गुरु के जीवन पर आधारित एक वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया।
हरियाणा सरकार की ‘संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना’ के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु अर्जुन देव का बलिदान न केवल सिख समुदाय की धरोहर है, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।
उन्होंने कहा कि जब भी देश, धर्म, संस्कृति और मानवता के समक्ष चुनौतियां आईं, तो संतों और गुरुओं ने सत्य और धर्म की रक्षा के लिए कदम बढ़ाए। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जुन देव की शहादत इस महान परंपरा के सबसे बड़े उदाहरणों में से एक है।
सैनी ने कहा कि हरियाणा हमेशा से संतों, गुरुओं और वीर योद्धाओं की धरती रही है। उन्होंने कहा कि इसकी मिट्टी में भगवद् गीता का ज्ञान और महान गुरुओं के बलिदान, दोनों ही समाहित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस विरासत को संरक्षित रखने और बढ़ावा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
भाषा सुभाष अविनाश
अविनाश

Facebook


