गुरुग्राम में अस्पताल पहुंची एक महिला पर एक व्यक्ति ने तेजाब फेंका
गुरुग्राम में अस्पताल पहुंची एक महिला पर एक व्यक्ति ने तेजाब फेंका
गुरुग्राम, नौ मार्च (भाषा) गुरुग्राम में इलाज के लिए अस्पताल पहुंची 24 वर्षीय एक महिला पर एक व्यक्ति ने तेजाब (संक्षारक पदार्थ) फेंक दिया, जिससे उसका चेहरा और शरीर गंभीर रूप से जल गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि रविवार शाम गुरुग्राम के सिविल अस्पताल में आरोपी ने महिला पर तेजाब फेंका तथा उससे पहले दिन में उसने उसके साथ मारपीट की थी।
पुलिस के अनुसार, नूंह जिले की यह महिला रविवार को गुरुग्राम के सुभाष नगर में अपनी चाची के घर आई थी तथा नूंह का ही रहने वाला आरोपी भी उसके पीछे-पीछे यहां आ गया और उसने महिला से मिलने की जिद की।
पुलिस ने बताया कि रविवार शाम दोनों के बीच झगड़ा हुआ और व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की।
पुलिस का कहना है कि मारपीट में घायल हुई महिला को उसके रिश्तेदार सेक्टर-10 स्थित सिविल लाइंस अस्पताल ले गये।
पुलिस के मुताबिक रात करीब 8:30 बजे वह व्यक्ति अस्पताल पहुंच गया और उस पर तेजाब फेंककर भाग गया।
पुलिस के अनुसार महिला के चेहरे और शरीर के कई अन्य हिस्से जल गये, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में ले जाया गया।
मामले के जांच अधिकारी उपनिरीक्षक अनिल कुमार ने कहा,‘‘महिला का अस्पताल में इलाज जारी है। हम अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रहे हैं। महिला और उसके परिवार के बयान दर्ज करने के बाद हम मामले में कार्रवाई करेंगे।’’
भाषा प्रचेता राजकुमार
राजकुमार

Facebook


