गुरुग्राम: सीबीएसई परिणाम में मिले अंकों से निराश होकर 10वीं कक्षा के छात्र ने आत्महत्या की
गुरुग्राम: सीबीएसई परिणाम में मिले अंकों से निराश होकर 10वीं कक्षा के छात्र ने आत्महत्या की
गुरुग्राम, 16 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं कक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद यहां एक छात्र ने अपने घर पर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस को संदेह है कि 16 वर्षीय कुणाल ने अपनी उम्मीदों पर खरा न उतरने से निराश होकर यह कदम उठाया होगा।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “ऐसा संदेह है कि छात्र ने अपना परिणाम देखने और उम्मीद के मुताबिक अंक न मिलने के बाद यह कदम उठाया।”
पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार शाम को पटौदी थाना क्षेत्र के जटोली इलाके में बाबा हरदेव कॉलोनी में हुई।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि कुणाल ने परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन परिणाम उसकी उम्मीदों के अनुरूप नहीं आने से वह निराश था।
पुलिस ने बताया कि कुणाल के माता-पिता ने उसे दोबारा परीक्षा देने के लिए भी प्रोत्साहित किया, लेकिन वह अवसाद में रहने लगा।
पुलिस के मुताबिक, परिणाम घोषित होने के बाद कुणाल छत पर बने एक कमरे में चला गया जबकि परिवार के अन्य सदस्य घटना के समय घर के दूसरे कमरे में थे। पुलिस ने बताया कि बाद में जब परिवार के सदस्य ऊपर गए तो उन्होंने कमरा अंदर से बंद पाया और दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर कुणाल का शव फंदे से लटका हुआ मिला।
पुलिस के मुताबिक, कुणाल एक निजी स्कूल का छात्र था और उसके पिता ने परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद उसके लिए एक लैपटॉप बुक कराया था।
कुणाल के पिता रेलवे में कार्यरत हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि कोई ‘सुसाइड नोट’ बरामद नहीं हुआ है।
भाषा जितेंद्र प्रशांत
प्रशांत

Facebook


