गुरुग्राम: मां की साड़ी से बने झूले में खेलते समय बच्ची की गला घुटने से मौत
गुरुग्राम: मां की साड़ी से बने झूले में खेलते समय बच्ची की गला घुटने से मौत
गुरुग्राम, 13 अप्रैल (भाषा) हरियाणा में गुरुग्राम के सेक्टर नौ इलाके में घर पर खेलते समय हुई एक क्षणिक लापरवाही के कारण 13-वर्षीय एक लड़की की दुखद मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि रानी कुमार नामक यह लड़की रविवार को अपनी बहनों के साथ खेल रही थी, तभी उसने कथित तौर पर घर की दीवार पर लगी ग्रिल से अपनी मां की साड़ी लटकाकर झूला बनाया। झूले पर घूमते समय अचानक साड़ी उसके गले में लिपट गई और उसका दम घुटने लगा।
उन्होंने बताया कि जब रानी की हालत बिगड़ी तो परिवार वाले उसे सरकारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्कों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रानी के पिता सुरेश सिंह कई वर्षों से देवी लाल कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे हैं। वह दर्जी का काम करते हैं और उनकी तीन बेटियां हैं। वह मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले के रहने वाले हैं।
सुरेश ने कहा, ‘रविवार शाम को मेरी सभी बेटियां घर पर खेल रही थीं। मैं और मेरी पत्नी भी घर पर मौजूद थे, लेकिन हमें जरा भी अंदाजा नहीं है कि यह सब कैसे हुआ।’
परिवार ने बताया कि लड़कियां अक्सर घर में खेलती थीं और पर्दों या कपड़ों से झूले बनाती थीं। रविवार शाम को रानी ने अपनी मां की साड़ी से एक मजबूत झूला बनाया। हादसे से कुछ क्षण पहले, रानी की दोनों छोटी बहनें खुशी से ताली बजा रही थीं, जबकि वह गोल-गोल घूम रही थी।
रानी की गर्दन साड़ी में उलझ गयी, जब उसके माता-पिता ने उसे ग्रिल से लटकते हुए पाया, तो उसका चेहरा पीला पड़ गया था। सुरेश और उसकी पत्नी ने तुरंत उसे नीचे उतारा और पास के सरकारी अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि यह एक दुर्घटना थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश

Facebook


