गुरुग्राम हिट-एंड-रन मामला: सिया ने कहा बैंसला की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं, कड़ी कार्रवाई की मांग
गुरुग्राम हिट-एंड-रन मामला: सिया ने कहा बैंसला की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं, कड़ी कार्रवाई की मांग
गुरुग्राम, 16 सितंबर (भाषा) गुरुग्राम में कैमरे में कैद हुए हिट-एंड-रन मामले में पीड़िता शिवानी चौहान उर्फ सिया ने कहा है कि आरोपी कल्याण बैंसला की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है और उनके और घटना के समय कार में कथित रूप से मौजूद अन्य लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, क्योंकि उनकी जान लेने की कोशिश की गई थी।
जिला अदालत में अपना बयान दर्ज कराने के बाद मंगलवार रात मीडिया से बात करते हुए सिया ने बैंसला के रिश्तेदार कमल की उस टिप्पणी का भी जवाब दिया, जिसमें उसने दावा किया था कि वह पीड़िता होने का दिखावा कर रही हैं।
सिया ने कहा कि अगर बैंसला तीन दिन में जमानत पर बाहर आ जाता है तो इसे कड़ी कार्रवाई नहीं माना जा सकता।
उन्होंने कहा, ‘‘कार में दो अन्य लोग भी थे। उन्हें भी गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्हें सजा मिलनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो इस तरह की घटनाएं होती रहेंगी।’’
गुरुग्राम पुलिस ने दो दिन तक तलाश करने के बाद मंगलवार को 33 वर्षीय बैंसला और उसके साथ कार में मौजूद उसके 34 वर्षीय रिश्तेदार लवनीश को गुरुग्राम से कुछ दूरी पर राजस्थान के राजगढ़ से गिरफ्तार किया था।
इससे पहले कमल ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा था कि बैंसला निर्दोष है।
उसने कहा था, ‘‘लड़की पीड़ित होने का दिखावा कर रही है। कल्याण निर्दोष है। वे लोगों को तेज गति से बाइक चलाने के लिए उकसा रहे हैं।’’
कमल की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए सिया ने कहा, ‘‘उसके समर्थक कह रहे हैं कि मैं पीड़िता होने का दिखावा कर रही हूं और यह सब फॉलोअर बढ़ाने के लिए कर रही हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने 2022 में दिल्ली के कालकाजी से नगर निगम चुनाव लड़ा था। मैं सबसे कम उम्र की उम्मीदवार थी। दिल्ली में हर कोई मुझे जानता है। घटना के बाद मैं अपनी पहचान उजागर नहीं करना चाहती थी, लेकिन अब मेरी पहचान सामने आ गई है। मैं अपने लिए मजबूती से खड़ी रहूंगी। उनके समर्थक क्या कह रहे हैं, मुझे इसकी परवाह नहीं है। उनकी सोच ही गलत है।’’
सिया ने कहा कि उन्होंने अदालत को घटना के बारे में बताया और कहा कि उनकी जान लेने की कोशिश की गई थी तथा उनकी मौत भी हो सकती थी।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। मुझे कुछ चोटें आई हैं और डॉक्टरों ने मुझे एमआरआई तथा एक्स-रे कराने की सलाह दी है।’’
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद बैंसला ने पेशाब करने के बहाने हिरासत से भागने की कोशिश की, लेकिन गिरने से उसे चोट लग गई। अस्पताल में उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को शहर की अदालत में पेश किया गया।
बैंसला पर आरोप है कि उसने गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर अपनी मारुति सुजुकी सियाज कार से पीछे से तेज गति में आकर अप्रिलिया आरएस 457 बाइक चला रही सिया को टक्कर मार दी।
पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। यह कार बैंसला के एक परिचित के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने बैंसला के रिश्तेदार लवनीश को भी गिरफ्तार किया है, जो घटना के समय कार में उसके साथ था।
गुरुग्राम के पुलिस उपायुक्त (पूर्व) संदीप कुमार ने यहां मीडिया को बताया कि पीड़िता ने दावा किया है कि घटना से पहले बैंसला ने उस पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी और उसे जान से मारने की कोशिश की।
उन्होंने कहा, ‘‘यह साफ तौर पर देखा जा सकता है कि बहस के बाद उसने जानबूझकर बाइक सवार को साइड से टक्कर मारी… उसका इरादा पीड़िता को जान से मारने का था। पीड़िता ने पुलिस को भी बताया है कि उसे जान से मारने का इरादा था।’’
गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त सिबाश कबीराज ने कहा कि इंस्टाग्राम पर उपलब्ध वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद बैंसला के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया।
इससे पहले मीडिया को साक्षात्कार देने के बाद बैंसला ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था और फरार हो गया था। उसकी तलाश के लिए गठित तीन टीमों ने उसे राजस्थान से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को एक महिला बाइक सवार ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उसने बताया था कि पिछली सुबह गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार ने उसे टक्कर मार दी थी।
अधिकारी ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस ने पीड़िता से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिलने पर सेक्टर-56 थाने में स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया।
बैंसला की गिरफ्तारी के बाद बाइक सवार पुलिस जांच में शामिल हुई। उसकी शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 109 (हत्या का प्रयास), धारा 78 (शारीरिक और डिजिटल तरीके से पीछा करना) और धारा 79 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले कृत्य) जोड़ी हैं।
भाषा वैभव
वैभव

Facebook


