गुरुग्राम: पुरानी रंजिश में व्यक्ति का पीछा कर कार को मारी टक्कर, हवा में चलाई गोलियां
गुरुग्राम: पुरानी रंजिश में व्यक्ति का पीछा कर कार को मारी टक्कर, हवा में चलाई गोलियां
गुरुग्राम, 30 अगस्त (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में एक ‘एसयूवी’ वाहन में सवार कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर कथित तौर पर दूसरी कार को टक्कर मार दी और हवा में कई गोलियां चलाईं। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने 26 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि पिछली रात जब वह दौहला गांव में एक कार्यक्रम से लौट रहा था, तभी स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने अपनी ‘एसयूवी’ से उसकी कार में टक्कर मारी और हवा में गोलियां भी चलाईं हालांकि वह किसी तरह हमलावरों को चकमा देकर वहां से निकलने में सफल रहा।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने उसका कथित तौर पर पीछा किया और एक बार फिर सुभाष चौक के पास उसकी कार को टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर सोहना सदर थाने में मामला दर्ज कर अपराध शाखा की एक टीम ने शनिवार को सोहना-हरचंदपुर रोड से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान गुरुग्राम निवासी नवीन, अंकुश और रोहित लोहिया उर्फ शैंकी के रूप में हुई है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता और आरोपी नवीन के बीच पूर्व में हुए एक झगड़े को लेकर पुरानी दुश्मनी थी। इसी रंजिश के कारण आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।”
अधिकारी ने बताया कि आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि नवीन गुरुग्राम में दर्ज चार आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें हत्या और मारपीट के मामले भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त कर लिया गया और मामले की जांच जारी है।
भाषा जितेंद्र अविनाश
अविनाश

Facebook


