न्यायमूर्ति चिराग भानु सिंह ने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के स्थायी न्यायाधीश पद की शपथ ली
न्यायमूर्ति चिराग भानु सिंह ने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के स्थायी न्यायाधीश पद की शपथ ली
शिमला, 30 अगस्त (भाषा) न्यायिक अधिकारी चिराग भानु सिंह ने हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के तौर पर रविवार को शपथ ली। इसी कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों -भूपेश शर्मा और योगेश जसवाल- ने अतिरिक्त न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली।
लोकभवन में रविवार को आयोजित समारोह में राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने तीन नवनियुक्त न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई।
इन तीन न्यायिक अधिकारियों की पदोन्नति के साथ हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की कुल संख्या बढ़कर 15 हो गई है, जिनमें दो अतिरिक्त न्यायाधीश भी शामिल हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया के अलावा, हिमाचल विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री धनीराम शांडिल, उच्च न्यायालय के मौजूदा और पूर्व न्यायाधीश तथा अधिवक्ता भी मौजूद रहे।
न्यायमूर्ति चिराग भानु सिंह ने मंडी स्थित वल्लभ स्नातकोत्तर महाविद्यालय से स्नातक और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला से विधि की पढ़ाई की है। उन्होंने 1994 में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, शिमला में नामांकन कराया था।
न्यायमूर्ति सिंह 2007 में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त होने से पहले उच्च न्यायालय में वकालत कर रहे थे। उन्होंने जून 2023 से अक्टूबर 2025 तक बिलासपुर में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के तौर पर काम किया, जिसके बाद उनकी नियुक्ति धर्मशाला के कांगड़ा में इसी पद पर हुई।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश

Facebook


